Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (31 अगस्त 2026) की खबरों में IGI Airport पर फिलहाल नहीं बनेगा Terminal 4, महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए जल्द दिए जाएंगे 1,300 ई-ऑटो परमिट, दिल्ली SIR पर केजरीवाल का तंज, 1 सितंबर से दिल्ली की बसों में नहीं चलेगा गुलाबी टिकट प्रमुख रहा।

IGI Airport पर फिलहाल नहीं बनेगा Terminal 4

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI Airport) पर फिलहाल नए टर्मिनल के निर्माण की कोई तत्काल योजना नहीं है। डायल (DIAL) से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, टर्मिनल-4 (T4) की परियोजना फिलहाल ठंडे बस्ते में है। एयरपोर्ट प्रबंधन का पूरा फोकस मौजूदा टर्मिनलों की बढ़ी क्षमता का अधिकतम इस्तेमाल करने और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने पर है।

पढ़े पूरी खबर…..

महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए जल्द दिए जाएंगे 1,300 ई-ऑटो परमिट

दिल्ली सरकार दुर्गा (Driving Upliftment and Rozgar for Women/Transgender Green e-Auto) स्कीम लॉन्च करने की तैयारी में है। यह स्कीम महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए तैयार की जा रही है। इसके जरिए रोजगार और आमदनी की पक्की व्यवस्था होगी। इसके जरिए दिल्ली के 13 जिलों में से प्रत्येक जिले में 100 ई-ऑटो परमिट दिए जाएंगे। सरकार की वेबसाइट के मुताबिक, इस स्कीम के जरिए 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो के परमिट दिए जाएंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली SIR पर केजरीवाल का तंज

दिल्ली में सोमवार को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। दिल्ली के कुल करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं किए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, यह प्रक्रिया घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के आधार पर की गई है। ड्राफ्ट रोल में करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि 47.7 लाख नाम इसमें नहीं हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के लगभग हर तीन में से एक पंजीकृत मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने इस बड़े पैमाने पर नामों के बाहर होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

पढ़े पूरी खबर…..

1 सितंबर से दिल्ली की बसों में नहीं चलेगा गुलाबी टिकट

दिल्ली की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा को लेकर 1 सितंबर से नियम बदलने जा रहे हैं। अब महिलाएं पिंक टिकट के जरिए मुफ्त बस यात्रा नहीं कर सकेंगी। मुफ्त सफर का लाभ लेने के लिए यात्रियों को ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (Pink Saheli Smart Card) दिखाना अनिवार्य होगा। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के मुताबिक, बसों में पिंक टिकट की वैधता 31 अगस्त की आधी रात तक ही रहेगी। इसके बाद पिंक टिकट के आधार पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। 1 सितंबर से मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी होगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

Master Plan-2047 को लेकर DDA का बड़ा कदम: दिल्ली मास्टर प्लान 2047 (Delhi Master Plan-2047) को आम लोगों के लिए समझना आसान बनाने की दिशा में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी वेबसाइट पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs) की एक सूची जारी की है। इसमें मास्टर प्लान से जुड़े प्रमुख प्रावधानों और बदलावों को आसान सवाल-जवाब के जरिए समझाने की कोशिश की गई है। इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने DDA को मास्टर प्लान 2047 के बारे में लोगों तक डिजिटल माध्यम से जानकारी पहुंचाने के उपाय शुरू करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से FAQ सूची जारी की गई है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में Fire Safety को लेकर बड़ा फैसला: दिल्ली सरकार ने राजधानी में भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली अग्निशमन सेवा (संशोधन) नियम, 2026 (Fire Service Amendment Rules-2026) अधिसूचित कर दिए हैं। सरकार की ओर से 28 अगस्त को जारी अधिसूचना के तहत दिल्ली अग्निशमन सेवा नियम, 2010 में संशोधन किया गया है। नए नियमों के तहत भवनों में अग्नि सुरक्षा के न्यूनतम मानकों को संशोधित दिल्ली एकीकृत भवन उप-विधि (UBBL) से जोड़ा गया है। इससे भवनों में फायर सेफ्टी से जुड़े प्रावधानों को मौजूदा भवन निर्माण मानकों के अनुरूप लागू करने का रास्ता साफ होगा। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) की ड्राफ्ट मतदाता सूची सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जारी कर दी गई है। दिल्ली के 13 जिलों में पिछले करीब 2 महीनों से SIR की प्रक्रिया चल रही थी। अब मतदाता यह जांच सकते हैं कि ड्राफ्ट सूची में उनका नाम शामिल है या नहीं। ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं मिलने पर मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। SIR प्रक्रिया के तहत निर्धारित अवधि में पात्र मतदाता दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन विभाग की ओर से तय प्रक्रिया और समय-सीमा का पालन करना होगा। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में फिर ‘निर्भया’ कांड; राष्ट्रीय राजधानी में चलती बस में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है। ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चालक और कंडक्टर पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। मामले की सूचना मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट के बीच चल रही स्लीपर बस में हुई। पीड़िता नाबालिग छात्रा है। मामले की जांच के तहत पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

MCD के कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के लिए राहत : दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में लंबे समय से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे शिक्षकों को केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) से बड़ी राहत मिली है। CAT ने 4 अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने और उनकी योग्यता के आधार पर सहायक अध्यापक (नर्सरी) (महिला) के पद पर नियुक्ति करने का निर्देश दिया है। न्यायाधिकरण ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन करते हुए 2 महीने के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। फैसले से लंबे समय से नियमित नियुक्ति का इंतजार कर रहे कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में जामा मस्जिद के पास गरजा बुलडोजर: राजधानी दिल्ली में सोमवार को ऐतिहासिक जामा मस्जिद (Jama Masjid) के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ी कार्रवाई की। हाई कोर्ट (Delhi High Court) के आदेश के बाद MCD की टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सरकारी जमीन और पार्क की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m