Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (17 अप्रैल 2026) की खबरों में दिल्ली की सड़कों पर AI की नजर, Z श्रेणी सुरक्षा में 24×7 सुरक्षा घेरे में रहेंगे दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष, पालतू जानवरों की कस्टडी पर दिल्ली हाई कोर्ट का अहम फैसला प्रमुख रहा।

दिल्ली की सड़कों पर AI की नजर
दिल्ली की सड़कों को सुरक्षित और साफ-सुथरा बनाने के लिए सरकार अब तकनीक का सहारा ले रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने एक नई योजना तैयार की है, जिसके तहत सड़कों की निगरानी और मरम्मत के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम विकसित किया जाएगा। इस पहल के तहत विभाग एक ऐसा स्मार्ट सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है, जो सड़कों पर बने गड्ढों, मलबे और कचरे की पहचान कर सकेगा। यह तकनीक रियल-टाइम डेटा के जरिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत अलर्ट भेजेगी, जिससे समय पर मरम्मत और सफाई का काम किया जा सकेगा।

Z श्रेणी सुरक्षा में 24×7 सुरक्षा घेरे में रहेंगे दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष
दिल्ली में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। यह फैसला लगातार मिल रही बम धमकियों और हाल ही में हुई एक गंभीर सुरक्षा चूक के बाद लिया गया। जानकारी के मुताबिक, विधानसभा सचिवालय और अध्यक्ष कार्यालय को पिछले कुछ दिनों में 6-7 धमकी भरे ईमेल मिले थे, जिनमें बम धमाके की आशंका जताई गई थी। इन धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति की समीक्षा की।

पालतू जानवरों की कस्टडी पर दिल्ली हाई कोर्ट का अहम फैसला
दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने जानवरों की कस्टडी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ा स्पष्टिकरण दिया है। कोर्ट ने कहा कि पालतू जानवरों की कस्टडी को सामान्य संपत्ति (प्रॉपर्टी) की कस्टडी के समान नहीं माना जा सकता। अपने फैसले में अदालत ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ऐसे विवादों का निर्णय करते समय केवल कानूनी स्वामित्व ही नहीं, बल्कि पालतू जानवर और उनके देखभाल करने वालों के बीच मौजूद भावनात्मक जुड़ाव को भी गंभीरता से देखा जाना चाहिए।

यमुना सफाई के ₹2454 करोड़ खर्च
यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए दो दशकों से चल रहे दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सबसे बड़े इंटरसेप्टर सीवेज प्रोजेक्ट (ISP) पर केंद्र सरकार के ऑडिट ने गंभीर सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ₹2,454 करोड़ से अधिक खर्च होने के बावजूद यह परियोजना यमुना में गिरने वाले सीवेज को पूरी तरह रोकने में अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पाई है। केंद्र द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि यह प्रोजेक्ट DJB के दावों के मुकाबले काफी कम प्रभावी है और केवल लगभग 60 प्रतिशत सीवेज को ही रोक पा रहा है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली एयरपोर्ट की नई पहल: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए #DELCares अभियान के तहत एक नई पहल शुरू की है। ‘Your Terminal Companion’ नाम की इस खास वीडियो सीरीज़ का मकसद एयरपोर्ट की जटिल प्रक्रियाओं को आसान भाषा में समझाना है। अक्सर पहली बार यात्रा करने वाले या अलग भाषा बोलने वाले यात्रियों को चेक-इन, सिक्योरिटी चेक, बैगेज क्लेम और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम हो जाता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए यह पहल शुरू की गई है।इस वीडियो सीरीज़ में कुल 24 वीडियो शामिल हैं, जो आसान और समझने योग्य भाषा में जानकारी हर स्टेप को विजुअल तरीके से तीन अहम हिस्सों- डिपार्चर, ट्रांजिट और अराइवल को कवर करते हैं। (पढ़े पूरी खबर)
Delhi-Dehradun Expressway: देहरादून से दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद बस सेवाओं में न सिर्फ समय की बचत हो रही है, बल्कि किराए में भी बड़ी कमी की गई है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने वाया एक्सप्रेसवे संचालित बसों के किराए में करीब 25 प्रतिशत तक की कटौती का फैसला लिया है। इस बदलाव के बाद यात्रियों के लिए सफर पहले की तुलना में अधिक किफायती हो गया है। परिवहन निगम के अनुसार, नए एक्सप्रेसवे रूट से बसें तेजी से चल रही हैं, जिससे यात्रा समय में भी कमी आई है और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल रही है। (पढ़े पूरी खबर)
नंद नगरी सड़क हादसा: नंद नगरी, दिल्ली में 2 फरवरी 2018 की रात तीन परिवारों के लिए किसी कयामत से कम नहीं थी। एक भीषण सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार रवि कुमार, सतीश कुमार और रोहित की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने न्याय और मुआवजे की उम्मीद में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) का दरवाजा खटखटाया। लेकिन करीब 8 साल लंबी कानूनी लड़ाई के बाद जो फैसला आया, उसने परिवारों को गहरा झटका दिया। (पढ़े पूरी खबर)
आय छिपाकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकता पति: दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने मेंटेनेंस (गुजारा भत्ता) से जुड़े एक अहम मामले में सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया है कि पति अपनी असली आय छिपाकर कानूनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकता। कोर्ट ने कहा कि यदि कोई पति अपनी वास्तविक कमाई को छिपाता है या आय के बारे में गलत जानकारी देता है, तब भी उसे अपनी पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभानी ही होगी। यह उसका कानूनी दायित्व है, जिससे बचने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अदालत ने यह भी संकेत दिया कि ऐसे मामलों में कोर्ट उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पति की आय का आकलन कर सकती है और उसी के अनुसार गुजारा भत्ता तय किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में झुलसाती गर्मी का कहर: दिल्ली में गुरुवार को तेज और चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। राजधानी के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस बारिश से तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि उमस बढ़ सकती है, जिससे गर्मी और अधिक महसूस हो सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

