दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (15 मई 2026) की खबरों में दिल्ली में दौड़ेगी पहली हाइड्रोजन शटल बस, DDA पार्कों में सुबह 10 बजे तक फ्री एंट्री, पुराने किशोर रिकॉर्ड के आधार पर पासपोर्ट रोकना गलत, राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सीएम रेखा गुप्ता ने उठाए सवाल प्रमुख रहा।

दिल्ली में दौड़ेगी पहली हाइड्रोजन शटल बस
राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली में पहली बार हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली अत्याधुनिक शटल बसों का परिचालन आज से शुरू होने जा रहा है। DMRC की ओर से शुरू की जा रही यह विशेष बस सेवा केंद्रीय सचिवालय, सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन और सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बीच चलाई जाएगी। इन हाइड्रोजन बसों को पर्यावरण के अनुकूल तकनीक के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि इनसे पारंपरिक डीजल वाहनों की तुलना में बेहद कम प्रदूषण होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित वाहन भविष्य के ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम का अहम हिस्सा माने जा रहे हैं।

DDA पार्कों में सुबह 10 बजे तक फ्री एंट्री
राजधानी में सुबह की सैर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब DDA के कई प्रमुख पार्कों, हरित क्षेत्रों और धरोहर स्थलों में मॉर्निंग वॉक के लिए प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। यह नई व्यवस्था दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू (Tarunjit Singh Sandhu) के निर्देश पर लागू की गई है। इसके तहत सुबह 10 बजे तक इन स्थानों पर आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स, जॉगर्स और फिटनेस गतिविधियों में शामिल लोगों से किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।

पुराने किशोर रिकॉर्ड के आधार पर पासपोर्ट रोकना गलत
दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने युवक को बड़ी राहत देते हुए उसके किशोरावस्था से जुड़े आपराधिक रिकॉर्ड हटाने का निर्देश दिया है। अदालत ने SCRB को आदेश दिया कि युवक के पुराने रिकॉर्ड को हटाया जाए, ताकि उसे पासपोर्ट जारी करने में आ रही दिक्कत दूर हो सके। मामले में युवक का कहना था कि किशोरावस्था में दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड की वजह से उसका पासपोर्ट आवेदन लंबित चल रहा था। रिकॉर्ड सिस्टम में मौजूद होने के कारण उसे बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जबकि मामला काफी पुराना था।

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सीएम रेखा गुप्ता ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की विदेशी यात्राओं और खर्च को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने उन पर आय और खर्च के बीच बड़े अंतर को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी की घोषित आय करीब 11 करोड़ रुपये के आसपास है, जबकि उनकी विदेशी यात्राओं पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया जा रहा है। पार्टी ने इसे “आय और खर्च का बेमेल गणित” बताते हुए इस पर जवाब मांगा है। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राहुल गांधी की “रहस्यमयी विदेश यात्राओं का कच्चा चिट्ठा अब जनता के सामने है।”
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली कांग्रेस ने जारी की 14 जिलाध्यक्षों की नई सूची: दिल्ली में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने राजधानी के 14 जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से बताया गया है कि इससे पहले उपाध्यक्षों और महासचिवों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं। अब जिला स्तर पर नई जिम्मेदारियां देकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
AAP नेता बोले – केजरीवाल का सत्याग्रह जीत गया: दिल्ली के कथित आबकारी घोटाला मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) समेत अन्य आरोपियों से जुड़े मामले की सुनवाई कर रहीं दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने खुद को केस से अलग कर लिया है। इसके साथ ही मामला अब दूसरी बेंच को सौंप दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद AAP ने इसे बड़ी कानूनी और नैतिक जीत करार दिया है। पार्टी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल और अन्य आरोपियों की ओर से लंबे समय से निष्पक्ष सुनवाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे और अब यह फैसला उनके पक्ष को सही साबित करता है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला; प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) सरकार ने ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की है। सरकार के मुताबिक, अब सरकारी कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही निजी संस्थानों और कॉरपोरेट कंपनियों से भी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील की गई है, ताकि ईंधन की खपत कम हो और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को बड़ी राहत: राजधानी दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। केंद्र सरकार की PM-UDAY योजना के तहत अब इन कॉलोनियों के निवासियों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार ने इस प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए राजस्व विभाग में विशेष PM-UDAY शाखा बनाने का फैसला लिया है। साथ ही दिल्ली के सभी 13 जिलों में अलग-अलग PM-UDAY सेल गठित किए जाएंगे, जो आवेदन, दस्तावेजों की जांच और स्वामित्व अधिकार से जुड़ी प्रक्रिया को संभालेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम बढ़े: Delhi petrol, diesel, cng price hike: राजधानी दिल्ली में ईंधन की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक अब दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद इसके उपयोगकर्ताओं पर भी अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशनों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। कई वाहन चालक बढ़े हुए दामों को लेकर चिंता जता रहे हैं, क्योंकि इससे रोजमर्रा के खर्चों में और इजाफा होने की आशंका है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

