Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (02 जुलाई 2026) की खबरों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्थायी व्यवस्था लागू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर JPC से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली चिड़ियाघर का होगा मेगा मेकओवर प्रमुख रहा।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्थायी व्यवस्था लागू

सर्दियों में बढ़ने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत 1 नवंबर से सरकारी और निजी दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति को सीमित किया जाएगा। नए नियमों के अनुसार, दफ्तरों में एक समय पर केवल 50 % कर्मचारी ही काम करेंगे, जबकि बाकी कर्मचारी घर से काम यानी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। यह व्यवस्था प्रदूषण के स्तर को कम करने और सड़कों पर वाहनों की संख्या घटाने के उद्देश्य से लागू की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’

दिल्ली को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में सरकार ने एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बुधवार को ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ (greendrive.delhivanmahotsav.in) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरकार के अनुसार, यह पोर्टल आगामी ‘रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और वृक्षारोपण अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

पढ़े पूरी खबर…..

‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर JPC से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली सचिवालय में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन'(One Nation, One Election) से जुड़े दो संशोधन विधेयकों का अध्ययन कर रही संसद की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। यह समिति विधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 के विभिन्न प्रावधानों पर राज्यों और अन्य हितधारकों से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से दिल्ली के दौरे पर आई है। मुख्यमंत्री ने समिति के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुशासित और प्रशासनिक रूप से दक्ष बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न राज्यों से सुझाव लेने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर पूरी गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समिति को अपने विस्तृत सुझाव उपलब्ध कराएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली चिड़ियाघर का होगा मेगा मेकओवर

Delhi Zoo Modernization: राजधानी के चिड़ियाघर (National Zoological Park) में आने वाले पर्यटकों का अनुभव जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। चिड़ियाघर के व्यापक आधुनिकीकरण के तहत अब कई वन्यजीवों को दूर से देखने के बजाय विजिटर्स और जानवरों के बीच केवल मजबूत सुरक्षा ग्लास की दीवार होगी, जिससे लोग उन्हें पहले से अधिक करीब और सुरक्षित तरीके से देख सकेंगे। इस बदलाव के तहत चिड़ियाघर के एरिना (जहां दर्शकों के लिए वन्यजीव लाए जाते हैं) की डिजाइन में भी बदलाव किया जाएगा। नई व्यवस्था का उद्देश्य वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण के अधिक करीब रखते हुए आगंतुकों को बेहतर और इंटरैक्टिव अनुभव उपलब्ध कराना है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा (दान) चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का जिक्र करते हुए कई सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने कहा कि मामले में “बड़े नामों” के शामिल होने की बात सामने आ रही है और यह भी दावा किया कि कुछ लोग खुलकर नाम लेने से बच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे कौन से प्रभावशाली लोग हैं, जिनका नाम लेने से डर का माहौल बताया जा रहा है। उन्होंने अपने बयान में यह भी उल्लेख किया कि कुछ धार्मिक प्रवक्ता भी इस तरह की बात कर रहे हैं कि बड़े नाम शामिल हो सकते हैं और नाम लेने पर दबाव या खतरे की आशंका जताई जा रही है। इस संदर्भ में उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भी जिक्र किया। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में खत्म होंगे 25 बड़े ट्रैफिक सिग्नल: देश की राजधानी दिल्ली में रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए 25 सबसे बड़े और व्यस्त चौराहों से ट्रैफिक सिग्नल (traffic signal) हटाकर वहां यू-टर्न आधारित (U-Turn Based) ट्रैफिक सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था का उद्देश्य चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारों को कम करना और बिना बार-बार लालबत्ती पर रुके यातायात का प्रवाह बनाए रखना है। इस प्रणाली में वाहनों को सीधे सिग्नल पर रोकने के बजाय निर्धारित यू-टर्न और सुव्यवस्थित मार्गों के जरिए गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में आतंकी साजिश नाकाम: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर एक अंतरराज्यीय अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान स्थित कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे तथा दिल्ली में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। यह अभियान स्पेशल सेल के एसीपी विवेक कुमार त्यागी की निगरानी में चलाया गया। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली जिमखाना क्लब को खाली कराने की तैयारी तेज: केंद्र सरकार ने दिल्ली जिमखाना क्लब (Delhi Gymkhana Club) को उसकी 27.3 एकड़ जमीन से बेदखल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार ने एस्टेट ऑफिसर के समक्ष याचिका दायर कर दावा किया है कि संबंधित जमीन केंद्र सरकार की है और क्लब का उस पर कब्जा अनधिकृत है। इसलिए परिसर को खाली कराया जाना चाहिए। सरकार का कहना है कि इस भूमि की आवश्यकता रक्षा अवसंरचना (डिफेंस इंफ्रास्ट्रक्चर), सार्वजनिक सुरक्षा और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए है। (पढ़े पूरी खबर)

पत्नी की निजी तस्वीरें भेजने पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में गुरुवार को एक असामान्य मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति ने तलाक की याचिका के साथ अपनी पत्नी की निजी तस्वीरें भी अदालत में दाखिल कर दीं। इस पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे अनुचित बताया। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि इस तरह की निजी तस्वीरों को न्यायिक रिकॉर्ड का हिस्सा बनाना उचित नहीं है और पक्षकारों को संवेदनशील व्यक्तिगत सामग्री दाखिल करते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m