Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (06 जुलाई 2026) की खबरों में ‘शीशमहल’ बनेगा स्टेट गेस्ट हाउस, नई EV पॉलिसी पर CM रेखा गुप्ता ने खत्म किया सस्पेंस, दिल्ली में रिटायर्ड अफसर से 1.62 करोड़ की साइबर ठगी, भाजपा अध्यक्ष पर टिप्पणी के बाद बढ़ा सियासी घमासान प्रमुख रहा।

‘शीशमहल’ बनेगा स्टेट गेस्ट हाउस

दिल्ली सरकार ने सिविल लाइंस स्थित 6-फ्लैगस्टाफ रोड पर मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार इस परिसर को अब अत्याधुनिक स्टेट गेस्ट हाउस और कल्चरल सेंटर के रूप में विकसित करेगी। इस फैसले के बाद यह परिसर देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट सरकारी मेहमानों और प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

नई EV पॉलिसी पर CM रेखा गुप्ता ने खत्म किया सस्पेंस

दिल्ली सरकार की नई इलेक्ट्रिक वाहन (EV) पॉलिसी के तहत वाहन खरीदने वाले पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में सब्सिडी सीधे भेजी जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सरल बनाया गया है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और सब्सिडी केवल वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजधानी में प्रदूषण कम करना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है। नई ईवी पॉलिसी तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में रिटायर्ड अफसर से 1.62 करोड़ की साइबर ठगी

दिल्ली में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड सरकारी अधिकारी को 1.62 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। आरोपियों ने पहले व्हाट्सऐप के जरिए दोस्ती कर उनका भरोसा जीता और फिर क्रिप्टोकरेंसी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर जीवनभर की जमा-पूंजी निवेश करा ली। मामला सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) स्पेशल सेल ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ठगों ने व्हाट्सऐप पर बातचीत के जरिए पीड़ित से करीबी संबंध बनाए और उन्हें एक कथित क्रिप्टो निवेश योजना में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में अच्छे रिटर्न का भरोसा दिलाकर उनका विश्वास जीता गया, जिसके बाद अलग-अलग चरणों में उनसे कुल 1.62 करोड़ रुपये निवेश करा लिए गए।

पढ़े पूरी खबर…..

भाजपा अध्यक्ष पर टिप्पणी के बाद बढ़ा सियासी घमासान

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और भाजपा के बीच एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) को लेकर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। केजरीवाल के बयान पर भाजपा के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता ने हालिया दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना फैसला सुना दिया है और केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर मिली हार की भी याद दिलाई।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके का बयान: NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर खुद को ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ का दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आंदोलन को समर्थन दे रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) पिछले नौ दिनों से अनशन पर हैं। उनके साथ कुछ छात्र भी भूख हड़ताल में शामिल हैं। आंदोलन से जुड़े लोग लगातार छात्रों से अनशन समाप्त करने की अपील कर रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)

हिंदुओं से माफी मांगिए’; आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर लगातार हमलावर हैं। इसी क्रम में अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में एक व्यक्ति हनुमान की वेशभूषा पहने हुए भाजपा का झंडा लेकर नाचता दिखाई दे रहा है।वीडियो साझा करते हुए केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा और राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सरकार से सवाल उठाए। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है और भाजपा तथा आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। (पढ़े पूरी खबर)

विदेश में रह रहे लोग भी ऑनलाइन भर सकेंगे एन्यूमरेशन फॉर्म: राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म भरने और जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई है। निर्धारित समय सीमा तक फॉर्म जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें। इसके लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मतदाता घर बैठे आसानी से फॉर्म भर सकते हैं। (पढ़े पूरी खबर)

NSUI में संगठनात्मक चुनाव का ऐलान: यूथ कांग्रेस के बाद अब कांग्रेस की छात्र इकाई National Students’ Union of India (एनएसयूआई) ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक चुनाव कराने की घोषणा की है। संगठन ने कहा है कि चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी तथा सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न होगी। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ (Vinod Jakhar) और केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के समन्वयक के.के. शास्त्री  (K. K. Shastri) ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व ने 30 अप्रैल को केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण का गठन किया था। यह प्राधिकरण देशभर में एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी निभाएगा। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में कथित शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) नेटवर्क से जुड़े दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब से कुल छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी 2 अलग-अलग नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे। इनमें से एक मॉड्यूल कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल था। स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से कई पिस्तौल और पेट्रोल बम बरामद किए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नेटवर्क के अन्य सदस्य कौन हैं तथा इनकी गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक है। (पढ़े पूरी खबर)

शालीमार बाग और पीतमपुरा में विकास कार्यों की समीक्षा: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र और पीतमपुरा में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पार्कों के सौंदर्यीकरण, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, सीवरेज प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई से जुड़े बुनियादी ढांचे और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m