Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (24 सितंबर 2026) की खबरों में CEC ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, आस्था कुंज गैंगरेप केस तीनों आरोपित 14 दिन की न्यायिक हिरासत, ‘पहले चाय-समोसे खिलाओ, फिर माफी’, दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे विकास दिव्यकीर्ति प्रमुख रहा।

CEC ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे का अल्टीमेटम

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। CJP प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने गुरुवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार 48 घंटे के भीतर अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो पार्टी देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ अभियान चलाएगी। इसके बाद दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर भी आंदोलन का दूसरा चरण शुरू करने की बात कही गई है।CJP ने इस दौरान चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के सामने तीन मांगें रखी हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

आस्था कुंज गैंगरेप केस तीनों आरोपित 14 दिन की न्यायिक हिरासत

आस्था कुंज पार्क में किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों आसिफ, हेमंत सिंह और मुकेश सिंह को बृहस्पतिवार को पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी।

पढ़े पूरी खबर…..

‘पहले चाय-समोसे खिलाओ, फिर माफी’

दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक कंपनी पर लगाए गए 50 हजार रुपये के जुर्माने को माफ कर दिया। हालांकि, अदालत ने इसके बदले कंपनी के वकील के सामने एक अनोखी शर्त रख दी। हाई कोर्ट ने कंपनी के वकील को निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (DHCBA) के सभी कर्मचारियों को समोसे खिलाएं और चाय पिलाएं। अदालत की इस शर्त के बाद कंपनी पर लगाया गया 50 हजार रुपये का जुर्माना माफ कर दिया गया।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे विकास दिव्यकीर्ति

शिक्षक और UPSC कोचिंग संस्थान के संस्थापक विकास दिव्यकीर्ति (Vikas Divyakirti) ने गुरुवार को अपने व्यक्तित्व और निजता के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में याचिका दायर की। मामले को न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने कहा कि मामले की सुनवाई उस समन्वय पीठ द्वारा की जानी चाहिए, जो पहले से ही निजता के अधिकार से संबंधित एक मामले पर सुनवाई कर रही है। इसके बाद मामले को संबंधित पीठ के समक्ष रखने की प्रक्रिया अपनाई गई। याचिका में दिव्यकीर्ति ने अपने व्यक्तित्व और निजता से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली सरकार ने ‘दुर्गा’ योजना को मंजूरी: महिलाओं और किन्नर समुदाय को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने अहम फैसला लिया है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में ड्राइविंग अपलिफ्टमेंट एंड रोजगार फॉर वूमेन-ट्रांसजेंडर ग्रीन ई-ऑटो (DURGA) योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के जरिए महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को ग्रीन ई-ऑटो के क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है। (पढ़े पूरी खबर)

बस ड्राइवरों की हड़ताल पर हाईकोर्ट सख्त: दिल्ली में पिछले कई दिनों से चल रही DTC बस कर्मियों की हड़ताल का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने दिल्ली सरकार और दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) से सवाल किया कि हड़ताल पर चल रहे ड्राइवरों के खिलाफ एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट (ESMA) के प्रावधान क्यों लागू नहीं किए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत: दिल्ली में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने दक्षिण दिल्ली के मां आनंदमयी मार्ग पर 5.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ ही इस प्रमुख मार्ग पर ट्रैफिक जाम कम करने से जुड़े प्रोजेक्ट का रास्ता साफ हो गया है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद मां आनंदमयी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना दक्षिण दिल्ली के प्रमुख हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने और सड़क पर यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। (पढ़े पूरी खबर)

रोक के बावजूद डूसू में विजय जुलूस: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में जीत के बाद कथित तौर पर निकाले गए विजय जुलूस के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय से जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ कर रही है। पीठ के समक्ष यह मामला याचिकाकर्ता प्रशांत मनचंदा की ओर से दायर आवेदन पर आया। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद कुछ विजयी उम्मीदवारों ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकाले। (पढ़े पूरी खबर)

SIR विवाद पर सौरभ भारद्वाज ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना: दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों को जोड़ने और नाम हटाने से जुड़ी कथित गड़बड़ियां कोई नई बात नहीं हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह कहना सही नहीं होगा कि वोटों से जुड़ी कथित मैनिपुलेशन केवल मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हो रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले CEC राजीव कुमार के कार्यकाल में भी इस तरह के मुद्दे सामने आते रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)

कालकाजी गैंगरेप: कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच के दौरान नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला अचानक हुई वारदात के बजाय पहले से बनाई गई योजना से जुड़ा होने का संदेह सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी आसिफ और उसके कथित साथियों हेमंत और मुकेश ने घटना को अंजाम देने की पहले से योजना बनाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसिफ के पास से एक पिस्टल, एक चाकू और कंडोम बरामद करने की बात कही है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m