अजय सैनी, भिवानी। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को सबसे ज्यादा मेडल दिलाने वाले जिलों में शामिल भिवानी में खेल सुविधाओं की कमी को लेकर सियासत तेज हो गई है। जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने भीम स्टेडियम का दौरा कर यहां के हालात का जायजा लिया। उन्होंने खेल सुविधाओं को लेकर हरियाणा सरकार पर सवाल उठाए और डीसी को फोन कर स्टेडियम की स्थिति से अवगत कराया।

भीम स्टेडियम की बदहाली पर सरकार को घेरा

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जिस स्टेडियम ने देश और तिरंगे का मान बढ़ाने वाले कई खिलाड़ी दिए, आज वही बदहाल स्थिति में है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में नए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं कैसे मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि भिवानी और हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। इसके बावजूद खेल सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है।

डीसी को फोन कर बताई स्टेडियम की स्थिति

स्टेडियम का दौरा करने के दौरान दिग्विजय चौटाला ने भिवानी के डीसी को फोन किया। उन्होंने स्टेडियम की बदहाल स्थिति और खिलाड़ियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से खेल सुविधाओं में सुधार की जरूरत बताई।

बोले- सीएम नींद से जागें, हिंदू-मुस्लिम से काम नहीं चलेगा

मीडिया से बातचीत में दिग्विजय चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सीएम सैनी नींद से जागो, हिंदू-मुस्लिम से काम नहीं चलेगा।”

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह खिलाड़ियों और खेल के भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत सही होगी तो प्रदेश की मिट्टी से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा सकता है।

खेल सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल

दिग्विजय चौटाला ने सवाल उठाया कि जब स्टेडियम में जरूरी सुविधाएं ही नहीं होंगी तो खिलाड़ी कैसे तैयार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अग्निवीर बनने की तैयारी करने वाले युवाओं को भी बेहतर खेल और फिटनेस सुविधाओं की जरूरत होती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व जताने का जिक्र करते हुए खेल बजट को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों के बावजूद खेल बजट का सबसे ज्यादा पैसा गुजरात को दिए जाने पर सवाल खड़े होते हैं।

कॉमनवेल्थ की मेजबानी को लेकर भाजपा पर पलटवार

कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को नहीं मिलने को लेकर भी दिग्विजय चौटाला ने भाजपा सरकार को घेरा। भाजपा नेताओं की ओर से इसके लिए पिछली कांग्रेस और इनेलो सरकारों को जिम्मेदार ठहराए जाने पर उन्होंने पलटवार किया।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा को अपनी कमियों का ठीकरा दूसरों पर नहीं फोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पहले के समय में हरियाणा को मेजबानी नहीं मिली तो उसके बाद जनता ने भाजपा को चुना। अब जिम्मेदारी मौजूदा सरकार की है।

धर्म और जाति के मुद्दे पर भी साधा निशाना

दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धर्म और जाति के मुद्दों के सहारे राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों से आगे बढ़कर युवाओं, खिलाड़ियों और रोजगार जैसे सवालों पर काम करना चाहिए।

भिवानी के खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा और भिवानी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, प्रशिक्षण और दूसरी जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। स्टेडियम की बदहाली अब राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है। अब सरकार इस पर क्या कदम उठाती है, यह देखने वाली बात होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m