पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि व जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती ने क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को लेकर अभियान शुरू किया है। इसी सिलसिले में गरियाबंद सर्किट हाउस स्थित सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्रीड़ा भारती छत्तीसगढ़ के प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय, जिला अध्यक्ष शारद पारकर, उपाध्यक्ष अजय रोहरा और जिला मंत्री पूरन लाल यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक के दौरान प्रांत मंत्री के. सुमीत उपाध्याय ने जिले के अलग-अलग खेलों से जुड़े खिलाड़ियों और कोच से मुलाकात कर खेल गतिविधियों की स्थिति, खिलाड़ियों की समस्याओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर देने की है। क्रीड़ा भारती खिलाड़ियों और कोच के साथ मिलकर जिले में खेलों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करेगी।
खेल प्रतियोगिता से आगे, व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम
के. सुमीत उपाध्याय ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास के साथ खेलों की जानकारी और खेल इतिहास से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा युवाओं को खेलों के व्यापक संसार से जोड़ने का प्रयास है।
20 मिनट में देने होंगे 50 सवालों के जवाब
क्रीड़ा भारती की ओर से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन 6 सितंबर 2026, रविवार को ऑनलाइन किया जाएगा। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे के बीच परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा की अवधि 20 मिनट होगी और इस दौरान 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
परीक्षा में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से परीक्षा दे सकेंगे। खेल जागरूकता के उद्देश्य से परीक्षा के लिए केवल 20 रुपए सहयोग राशि निर्धारित की गई है।
एक लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक विजेता को एक लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं द्वितीय पुरस्कार के तहत दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार के तहत छह विजेताओं को 25-25 हजार रुपए और चतुर्थ पुरस्कार के तहत 11 विजेताओं को 11-11 हजार रुपए दिए जाएंगे।
पुरस्कार चैतन्य कुमार कश्यप फाउंडेशन की ओर से प्रायोजित किए गए हैं। पुरस्कारों के लिए 12 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को पात्र रखा गया है।
हर खिलाड़ी तक पहुंचे अवसर: अजय रोहरा

क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष अजय रोहरा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान दिलाकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गरियाबंद के खिलाड़ियों और कोच से संवाद कर उनकी जरूरतों को समझा जा रहा है। खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और खेलों से संबंधित अपने ज्ञान को बढ़ाने की अपील की।
वेबसाइट से शुरू हो चुका है पंजीयन
क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो चुका है। इच्छुक प्रतिभागी www.kreedabharatikgp.org के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। व्यक्तिगत या समूह के रूप में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। ऑनलाइन भुगतान के बाद पंजीयन प्रक्रिया पूरी होगी। परीक्षा की मार्कशीट और प्रमाणपत्र अगले दिन शाम 4 बजे के बाद डाउनलोड किए जा सकेंगे।
क्रीड़ा भारती ने विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, कोच, अभिभावकों और खेलप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 को सफल बनाने की अपील की है।
बैठक में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे। इनमें संजीव साहू, सूरज महादिक, गिरीश शर्मा, दीपक सरवैया, सलीम मेमन, विकास रोहरा, अमित ठक्कर, दानवीर साहू, राहुल साहू, महेंद्र यादव, नितिन बखरोया, वंजारी जी और खुमन साहू सहित अन्य कोच शामिल रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


