Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को एक बार फिर भीषण गर्मी और लू (heatwave)जैसे हालात बन गए। लोगों को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। IMD ने अगले 3 दिनों तक लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में फिलहाल गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी में 16 मई के बाद से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बीते सप्ताह भर कई इलाकों में लू की स्थिति बनी रही।
हालांकि शुक्रवार और शनिवार को मौसम के कुछ कारकों के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन रविवार को पारे में फिर तेज उछाल देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर अधिक रहने की आशंका है।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और दिन चढ़ने के साथ गर्मी और अधिक तीखी हो गई। कड़ी धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई इलाकों में सड़कें और बाजार अपेाकृत सूने नजर आए। IMD के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी में सबसे ज्यादा गर्मी रिज और आयानगर इलाके में दर्ज की गई। इन दोनों स्थानों पर अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू जैसे हालात का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्म और शुष्क हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
दिल्ली के आसमान पर छाई धूल
दिल्ली के आसमान पर रविवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शहर के आसमान पर धूल की मोटी परत छा गई, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को उमस व गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन के समय थार मरुस्थल क्षेत्र में तेज धूल भरी आंधी उठी थी। यह धूल भरा तूफान धीरे-धीरे राजस्थान से होते हुए दिल्ली, Punjab, Haryana और Uttar Pradesh की ओर बढ़ने लगा। इसके असर से रात करीब 8:30 बजे के बाद दिल्ली के आसमान में धूल की मोटी परत साफ दिखाई देने लगी। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। IMD ने पहले ही अगले कुछ दिनों तक लू और गर्म हवाओं की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ रेगिस्तानी धूल दिल्ली-NCR तक पहुंच रही है, जिससे मौसम और अधिक शुष्क हो गया है।
धूल के चलते खराब श्रेणी में AQI
शहर के अधिकांश इलाकों में AQI 200 के पार पहुंच गया, जिससे हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसत AQI 205 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को यह सूचकांक 195 था। धूल और गर्म हवाओं के कारण प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी देखी गई है। थार मरुस्थल से उठी धूल भरी हवाओं के दिल्ली-NCR पहुंचने से हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ गई। शाम चार बजे पीएम-10 कणों का स्तर 222 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित मानकों से दोगुने से भी अधिक है। IMD ने अगले कुछ दिनों तक लू और शुष्क हवाएं चलने की संभावना जताई है।
पुलिसकर्मियों को गर्मी में ठंडक दे रहे AC हेलमेट
दिल्ली में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों (Delhi Traffic Police) ने अपने कर्मियों को राहत देने के लिए नई पहल शुरू की है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से बचाने के लिए एसी हेलमेट और पोर्टेबल फैन उपलब्ध कराए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, फिलहाल 10 एसी हेलमेट के साथ पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह प्रयोग शुरू किया गया है। इन उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर पुलिसकर्मियों से फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि उनकी उपयोगिता और प्रभाव का आकलन किया जा सके।
अधिकारी ने बताया कि यदि परिणाम सकारात्मक रहे तो अगले गर्मी के मौसम से पहले बड़े स्तर पर एसी हेलमेट खरीदे जाएंगे। इसका उद्देश्य ड्यूटी के दौरान भीषण गर्मी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाना और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखना है। दिल्ली में इन दिनों तापमान लगातार 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। कई इलाकों में लू जैसे हालात हैं, जिससे खुले में घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी और लू से राहत देने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों द्वारा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिए गए एसी हेलमेट कई खास तकनीकों से लैस हैं। ये हेलमेट सामान्य हेलमेट से पूरी तरह अलग हैं और इनमें थर्मोइलेक्ट्रिक कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक की मदद से हेलमेट के अंदर सिर के आसपास लगातार ठंडी हवा का प्रवाह बना रहता है। दावा किया गया है कि यह बाहरी तापमान की तुलना में करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक ठंडक पहुंचा सकता है, जिससे तेज गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को काफी राहत मिलेगी। हेलमेट में लगी बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 4-5 घंटे तक काम करती है। इसे खासतौर पर लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। एक एसी हेलमेट की कीमत करीब 20 से 21 हजार रुपये बताई गई है। फिलहाल ट्रायल के तौर पर 10 हेलमेट इस्तेमाल में लाए गए हैं और पुलिसकर्मियों से इसका फीडबैक लिया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

