FIFA World Cup 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी एक बार फिर इतिहास के बेहद करीब पहुंच गए हैं। आज रात ऑस्ट्रिया के खिलाफ खेले जाने वाले ग्रुप-J के मुकाबले में उनके पास एक साथ तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा।
इससे पहले अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने 3-0 से जीत दर्ज की थी, जिसमें मेसी ने अपने वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक लगाई थी। यही नहीं, उसी मैच के दौरान उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अपने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच भी पूरे किए थे। अब 38 वर्षीय मेसी की नजरें ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक और ऐतिहासिक प्रदर्शन पर टिकी हैं।
लगातार 6 मैचों में गोल का रिकॉर्ड बराबर करने का मौका

मेसी पिछले पांच लगातार वर्ल्ड कप मैचों में गोल कर चुके हैं। यदि वह ऑस्ट्रिया के खिलाफ भी गोल करने में सफल रहते हैं, तो वह लगातार छह वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरजिन्हो के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है।
वर्ल्ड कप के सर्वकालिक टॉप स्कोरर बनने का अवसर
इस मुकाबले में एक गोल करते ही मेसी फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल वह 16 गोल के साथ जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़े की बराबरी पर हैं।
इसके अलावा, यदि उनका कोई गोल पेनल्टी बॉक्स के बाहर से आता है, तो वे इस क्षेत्र से सबसे ज्यादा गोल करने का अलग रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। अब तक मेसी बॉक्स के बाहर से 5 गोल कर चुके हैं।
सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीत की बराबरी
अगर अर्जेंटीना ऑस्ट्रिया के खिलाफ जीत दर्ज करता है, तो मेसी की यह वर्ल्ड कप में 17वीं जीत होगी। इसके साथ ही वह जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज़े के सर्वाधिक वर्ल्ड कप जीत (17) के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। फिलहाल मेसी के नाम 16 वर्ल्ड कप जीत दर्ज हैं।
ऑस्ट्रिया के खिलाफ यह मुकाबला सिर्फ एक ग्रुप मैच नहीं, बल्कि मेसी के लिए इतिहास के कई नए अध्याय लिखने का मौका बन सकता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

