MP TOP NEWS TODAY: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में आज शुक्रवार 07 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं। आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

मंत्री के काफिले का पायलट वाहन खराब, धक्का लगाते नजर आए पुलिसकर्मी

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर के दौरे के दौरान एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। मंत्री के काफिले में शामिल पुलिस का पायलट वाहन अचानक खराब हो गया। वाहन खराब होने के बाद पुलिसकर्मी उसे पीछे से धक्का लगाते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। पूरी खबर पढ़ें

पार्षदों में मारपीट की नौबत

नगर निगम परिषद के इतिहास में पहली बार सदन का माहौल इतना गरमा गया कि बहस हाथापाई की नौबत तक पहुंच गई। जिस सदन में शहर के विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा होनी थी, वहां पार्षद एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। हालात इतने बिगड़े कि नेता प्रतिपक्ष और अन्य पार्षदों को बीच-बचाव करना पड़ा, जबकि लगातार हंगामे के चलते परिषद की बैठक दो-दो बार स्थगित करनी पड़ी। पूरी खबर पढ़ें

एक्शन मोड में सीएम डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा में एक बार फिर एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने एक तरफ यहां ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ की शुरुआत की, तो दूसरी तरफ प्रशासनिक कड़ाई का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने शिकायतों पर सुनवाई करते-करते छिंदवाड़ा के सीएमएचओ डॉ. नरेश गु्न्नाड़े, तहसीलदार और पटवारी को तत्काल निलंबित कर दिया। इससे पहले सीएम डॉ. मोहन ने छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय में उद्यमियों-जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र के विकास, औद्योगिक संभावनाओं एवं प्रगति के विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनता की समस्याओं का तुरंत निराकरण भी किया। पूरी खबर पढ़ें

EVM से चुने जाएंगे सरपंच और पंच

मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। इस बार सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि पंचायत चुनावों में सरपंच और पंच पदों का चुनाव भी पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराया जा सकता है। अब तक ये चुनाव बैलेट पेपर से होते आए हैं। पूरी खबर पढ़ें

एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

तुकोगंज क्षेत्र में तीन बेरोजगार युवकों को एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने 5.29 लाख की ठगी को अंजाम दे दिया। आरोपी ने पीडि़ता को फर्जी जाइनिंग लेटर भी थमा दिया। पुलिस ने जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें

हाईकोर्ट में झूठा शपथ पत्र!

इंदौर में अवंतिका गैस पाइपलाइन विस्फोट मामले में एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनके इलाज और आर्थिक सहायता को लेकर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान प्रशासन द्वारा प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र पर विवाद खड़ा हो गया है।अवंतिका गैस पाइपलाइन विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनी झाला (गिरी राजकुमारी झाला) को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद एयरलिफ्ट करके अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल (Zydus Hospital) में भर्ती कराया गया है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि प्रशासन ने हाईकोर्ट में ऐसा शपथ पत्र पेश किया, जिसमें दावा किया गया कि पीड़ितों को स्वास्थ्य सहायता राशि का भुगतान कर दिया गया है। जबकि वास्तविकता यह थी कि भुगतान नहीं हुआ था। शिकायत के बाद यह तथ्य सामने आने पर प्रशासन की ओर से पेश किए गए शपथ पत्र की सत्यता पर सवाल उठ गए। पूरी खबर पढ़ें

वन विभाग के फ्रंटलाइन स्टाफ को बड़ी कानूनी राहत

मध्य प्रदेश में वन और वन्यजीवों की रक्षा में तैनात वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने ड्यूटी के दौरान विषम परिस्थितियों में हथियार का इस्तेमाल करने वाले वन अमले को सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए नए निर्देश जारी किए हैं। अब ड्यूटी के दौरान गोली चलाने की घटना पर पुलिस वन कर्मचारियों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज नहीं कर सकेगी। पूरी खबर पढ़ें

उज्जैन पुलिस के सुपर स्निफर डॉग ‘लक्की’ने नाक की ताकत से खोले हत्या के राज

पुलिस की जांच में कई बार ऐसे मौके आते हैं, जब सभी सुराग धुंधले पड़ने लगते हैं। ऐसे समय में एक बेजुबान साथी अपनी सूंघने की क्षमता के दम पर जांच को नई दिशा देता है। उज्जैन पुलिस का ट्रैकर डॉग ‘लकी’ ऐसा ही एक भरोसेमंद साथी है, जिसने कई अहम मामलों में पुलिस को अपराधियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने ‘लकी’ को 10 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पूरी खबर पढ़ें

माली बना ‘सर्जन’

एक वायरल वीडियो… और उसके पीछे छिपा वो काला सच, जिसने सिस्टम के दावों को सरेआम बेनकाब कर दिया है।सोशल मीडिया पर तैरती एक क्लिप की जब हमारी टीम ने पड़ताल की, तो जो हकीकत सामने आई, उसने इंसानियत को सन्न करके रख दिया। मामला नईगढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां इलाज की मेज पर डॉक्टर नहीं, बल्कि अस्पताल का ‘माली’ जानकी कुशवाहा हाथों में ग्लव्स पहनकर मरीज के सिर पर टांके लगा रहा था। पूरी खबर पढ़ें

सरकारी स्कूल में आराम फरमाते दिखे शिक्षक

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर दिखाने वाला एक वीडियो सामने आया है। जहां स्कूल में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी जिन शिक्षकों के कंधों पर है, उन्हीं पर लापरवाही के गंभीर आरोप लग रहे हैं। यहां गिधेर के सरकारी स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में क्लास के समय शिक्षक आराम करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि बच्चे बिना पढ़ाई के बैठे नजर आ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

बंधक बनाकर डकैती के 5 आरोपी गिरफ्तार

बालाघाट के लांजी पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम कुल्पा में निवासरत बुजुर्ग शत्रुघन लिल्हारे और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर चाकू और बंदूक की नोक पर डकैती करने वाले 5 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में 2 आरोपी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपी महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल राज्य से जुड़े है। पूरी खबर पढ़ें

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m