अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर से एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक लुटेरी दुल्हन और उसके चार सहयोगियों को धर दबोचा है। इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कैसे खुला राज और क्या था पूरा मामला?
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रहने वाले कालू लाल ने स्थानीय पुलिस को एक गुप्त सूचना दी थी कि उनके बेटे की शादी रोहतास जिले में तय हुई थी और विवाह संपन्न होने के बाद दुल्हन व उसके अन्य रिश्तेदार संदिग्ध परिस्थितियों में फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और फौरन एक विशेष टीम का गठन कर डेहरी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लुटेरी दुल्हन और उसके सहयोगियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। रेलवे स्टेशन से पुलिस ने मुख्य आरोपी दुल्हन रूबी उर्फ अनिशा कुमारी को उसके चार अन्य सहयोगियों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
नकली मां और बहन बनकर रची थी साजिश
गिरफ्तार किए गए लोगों में गिरोह के कई अहम चेहरे शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सासाराम की रहने वाली अनीता देवी और औरंगाबाद की गीता देवी ने शादी के दौरान दुल्हन की नकली मां और नकली बहन की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के रतलाम का रहने वाला एक बिचौलिया (दलाल) राजू राठौड़ भी इस पूरे षड्यंत्र में शामिल था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन मूल रूप से रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के महरौत गांव की रहने वाली उपेंद्र माली की पुत्री है। इस गिरोह ने अब तक पीड़ित पक्ष से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए थे। इसके अलावा, शादी के दौरान दुल्हन को उपहार में दिए गए सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण भी वे समेट चुके थे और मौका पाकर फरार होने की योजना बना रहे थे।
डीएसपी ने दी जानकारी, दो धंधेबाज फरार
डेहरी के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सत्यकाम ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा संभव हो सका है। हालांकि, इस पूरी वारदात के दौरान मौके का फायदा उठाकर दो अन्य धंधेबाज फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने उनकी भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


