हरदोई. हरदोई में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शहर कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. युवती का आरोप है कि आरोपी ने करीब छह वर्षों तक उसका शोषण किया और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात भी कराया.
पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी. एसपी के आदेश के बाद बुधवार रात को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें- सीएम योगी से मिलेंगे घुमंतू समाज के प्रतिनिधि, विकास बोर्ड बनने के बाद पहली बड़ी बैठक में उठेंगे ये मुद्दे
15 साल की उम्र में पहली बार दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह आरोपी मुस्कान उर्फ अनुराग सिंह, निवासी बघौरा थाना कोतवाली देहात, को पिछले छह वर्षों से जानती है. युवती का आरोप है कि जब वह करीब 15 वर्ष की थी, तब आरोपी ने खेत में घास काटने के दौरान उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था. पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा.
गर्भवती होने पर जबरन कराया गर्भपात, दिल्ली ले जाने का भी आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि करीब चार वर्ष पहले वह आरोपी के कारण गर्भवती हो गई थी. इसके बाद आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया. पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उससे शादी करने का वादा करता रहा, लेकिन बाद में मुकर गया. शिकायत में युवती ने बताया कि 3 जून 2023 को आरोपी उसे शादी का झांसा देकर दिल्ली ले गया, जहां उसके साथ कई बार उसकी इच्छा के खिलाफ संबंध बनाए गए. इस मामले में पहले भी परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने और शादी का झांसा देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था.
शादी से इनकार और धमकी के बाद पुलिस पहुंची मामला दर्ज करने तक
पीड़िता का आरोप है कि उस समय आरोपी ने शादी का दबाव बनाकर उसके पक्ष में बयान दिलवा दिए थे. बाद में 25 जून 2026 को जब उसने आरोपी से विवाह करने की बात कही तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया. आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, अपमानित किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की.
इसे भी पढ़ें- एक ही कमरे में सो रहा था पूरा परिवार… बारिश ने छीन ली 6 जिंदगियां, प्रतापगढ़ हादसे से मचा कोहराम
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है.


