आलीराजपुर, संजय वाणी। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा ब्लॉक के ग्राम चांदपुर के शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया,जब 11वीं कक्षा के छात्र धुमेश पिता इगलसिंह कलेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला, छात्र डूंगरगांव का रहने वाला था।
मामला सिर्फ एक छात्र की मौत तक सीमित नहीं रहा, छात्र की जेब से मिली एक चिट्ठी ने पूरे घटनाक्रम को रहस्य में बदल दिया है। आखिर चिट्ठी में क्या लिखा था? क्या वह छात्र ने खुद लिखी थी? और क्या उसका मौत से कोई सीधा संबंध है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच में तलाशे जा रहे हैं।
मौत पर परिजनों के सवाल, हत्या की आशंका
परिजनों ने छात्र की मौत को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की आशंकाओं को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
छात्रावास की व्यवस्था भी घेरे में
घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। साथी छात्रों का आरोप है कि घटना के समय वार्डन और चौकीदार मौके पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
करीब 50 छात्रों की सुरक्षा का सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही जोबट विधायक सेना पटेल छात्रावास पहुंचीं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के साथ छात्रावास में रह रहे करीब 50 विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।
अब CCTV पर टिकी निगाहें
पुलिस ने छात्रावास परिसर के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। घटना से पहले छात्र कहां था, किससे मिला, उसके आसपास कौन मौजूद था और घटना के बाद परिसर में क्या गतिविधियां हुईं—इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


