IND A vs USA T20 World Cup Warm-up Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेले जा रहे वार्म-अप मुकाबलों की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में सोमवार को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इंडिया ए और यूएसए के बीच अभ्यास मैच खेला गया, जिसमें इंडिया ए ने दमदार प्रदर्शन करते हुए यूएसए को 38 रन से मात दी। इस मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में भारत ए का दबदबा साफ नजर आया।

ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले खिलाड़ी ने ठोका शतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाले सलामी बल्लेबाज एन. जगदीशन ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 55 गेंदों में 104 रन की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। जगदीशन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और यूएसए के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 38 रन का उपयोगी योगदान दिया। वहीं प्रियांश आर्या ने मात्र 13 गेंदों में 28 रन बनाकर रनगति को और तेज किया। टीम के कप्तान आयुष बदोनी ने मिडिल ओवर्स में जिम्मेदारी संभालते हुए 26 गेंदों में 60 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। अंत में रियान पराग 2 गेंदों पर 2 रन बनाकर नाबाद लौटे।

239 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की शुरुआत ठीक-ठाक रही। सलामी जोड़ी एंड्रीज गॉस और मोनांक पटेल ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। हालांकि मोनांक के आउट होते ही अमेरिका की पारी लड़खड़ा गई। इसके बाद बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी साझेदारियां जरूर कीं, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहने से लक्ष्य कभी भी उनकी पकड़ में नहीं दिखा।

यूएसए की ओर से एंड्रीज गॉस ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। संजय कृष्णामूर्ति ने 18 गेंदों में तेजतर्रार 41 रन की पारी खेली, जबकि शुभम रंजने ने 17 गेंदों में 28 रन जोड़े। इसके बावजूद अमेरिकी टीम 19.4 ओवर में 200 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत ए की गेंदबाजी में रवि बिश्नोई सबसे सफल रहे। उन्होंने महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और मैच का रुख भारत के पक्ष में बनाए रखा। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए रन गति पर लगाम लगाई।

सीनियर टीम का हिस्सा है तिलक

गौरतलब है कि इस वार्म-अप मुकाबले में यूएसए ने वही टीम उतारी, जिसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुना गया है। वहीं इंडिया ए की टीम मुख्यतः युवा खिलाड़ियों से सजी थी, जिनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं। इंडिया ए टीम में तिलक वर्मा एकमात्र ऐसे खिलाड़ी है जो टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली सीनियर टीम का हिस्सा है।

इंडिया ए के बाद अब भारतीय सीनियर टीम 4 फरवरी को अपना अभ्यास मैच खेलेगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का यह मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H