बांका। बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के क्रम में बांका जिले की बौंसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बौंसी थाना क्षेत्र के समझोतरी के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में गिट्टी लदे एक हाईवा ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इस कार्रवाई में कुल 3474 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि गिट्टी लदे हाईवा ट्रक के जरिए अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद वाहन जांच अभियान चलाया गया। ट्रक पर प्रारंभिक रूप से केवल गिट्टी दिख रही थी, लेकिन गहन तलाशी में इसके नीचे छुपाकर रखी शराब की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने चालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है ताकि तस्करी के नेटवर्क, सप्लायर और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान है कि शराब झारखंड से बिहार लाने की योजना का हिस्सा थी।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में चलाया गया। बौंसी थाना परिसर में एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि करते हुए कहा कि शराबबंदी कानून के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष राज रतन, अनीश कुमार, राकेश कुमार, पवन कुमार, शम्भु सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल इस अभियान में शामिल थे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अवैध शराब की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


