Bihar News: बिहार में अब भोजपुरी के नाम पर अश्लील गाना बजाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। प्रदेश के डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने इस संबंध में पुलिस को कड़ा एक्शन लेने का आदेश दिया है। इसके साथ ही सार्वजनिक जगहों पर दोहरे अर्थ वाले अश्लील गाना बजाने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई है।

सम्राट चौधरी ने चेतावनी देते हुए साफ शब्दों में कहा है कि, बस, ट्रक, ऑटो रिक्शा या सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील और दोहरे अर्थ वाले भोजपुरी, मगही, मैथिली या अन्य भाषाओं के गाने बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आदेश का पालन नहीं करने वालों को जेल भी भेजा जा सकता है।

डिप्टी सीएम का कहना है कि सार्वजनिक तौर पर बजने वाले अश्लील गानों से समाज व बच्चों को बुरा प्रभाव पड़ता है। अश्लील गानों की वजह से न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा को ठेस पहुंचता है, बल्कि समाज में फूहड़ता को भी बढ़ावा मिलता है। इस तरह के गानों का बच्चों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है, उन्होंने बताया कि, महिला के सुरक्षा के लिए भी अश्लील गानों पर लोग लगाना जरूरी है।

इस संबंध में सम्राट चौधरी ने अश्लील गाने बजाने पर रोक लगाने को लेकर सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Report: सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी का एहसास, बिहार में मौसम का डबल अटैक, 12 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी