दुर्ग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और सर्वोच्च न्यायालय के 29 जनवरी के आदेश के परिपालन में दुर्ग जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिन मतदाताओं के नाम ‘तार्किक विसंगतियों’ की श्रेणी में आए हैं, वे 13 फरवरी 2026 तक अपना सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लें.
10 दिनों के भीतर दर्ज करें आपत्ति प्रभावित मतदाता सूची प्रदर्शित होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां या दस्तावेज जमा कर सकते हैं. यह प्रक्रिया व्यक्तिगत रूप से या अधिकृत प्रतिनिधि (बीएलए सहित) के माध्यम से पूर्ण की जा सकती है. इसके लिए निर्वाचक / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ/ एईआरओ) के कार्यालय में संपर्क करना होगा.

सुनवाई का अंतिम अवसर : उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रभावित मतदाताओं को न केवल दस्तावेज जमा करने, बल्कि व्यक्तिगत सुनवाई का भी अवसर दिया जा रहा है. अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर किए जा रहे इस पुनरीक्षण का उद्देश्य एक शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है .
अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखें. यदि 13 फरवरी 2026 तक सत्यापन कार्य पूर्ण नहीं कराया जाता है, तो मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन (21 फरवरी 2026 ) में संबंधित नाम शामिल नहीं हो सकेंगे.
8 को छग स्तरीय युवक- युवती परिचय सम्मेलन
भिलाईनगर। सतनाम समिति भिलाईनगर के तत्वावधान में 8 फरवरी को छत्तीसगढ़ स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन सतनाम भवन रिसाली में किया जा रहा है. कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे युवक-युवती परिचय सम्मेलन से होगा. दोपहर 2 बजे अतिथियों का आगमन, स्वागत, उद्बोधन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष ललित चन्द्राकर उपस्थित रहेंगे, जबकि अध्यक्षता अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेबाड़ा करेंगे.
सशक्त ऐप से चोरी की एक्टिवा बरामद
भिलाईनगर। बुधवार को सशक्त ऐप दुर्ग पुलिस के माध्यम से एक एक्टिवा दोपहिया वाहन की जानकारी प्राप्त हुई. ऐप में वाहन का विवरण देखने पर वाहन थाना भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत चोरी होना पाया गया. वाहन भौतिक रूप से थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत मिली. इसके आधार पर तत्काल थाना छावनी ने थाना भिलाई नगर को सूचना दी. सूचना पर थाना भिलाई नगर से पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा. समन्वय स्थापित कर संबंधित पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर वाहन को थाना भिलाई नगर तक सुरक्षित पहुंचाया गया.
13 वर्ष बाद आबकारी प्रकरण में फरार आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। आबकारी प्रकरण मामले में वर्ष 2013 में फरार चल रहे एक चन्द्रा आरोपी को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ग्रामीण एएसपी मणिशंकर ने बताया कि थाना कुम्हारी में वर्ष 2013 में धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के प्रकरण में आरोपी मलकीत सिंह रंधावा उर्फ सोनू (41 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी लंबे समय से फरार था. बुधवार को मुखबीर से सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी से पूछताछ जारी है.
80 हजार रुपए की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
भिलाईनगर। अवैध रूप से हेरोइन विक्रय करते हुए एक युवक को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से 04 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त किया है. जब्त हेरोइन की कीमत 80 हजार रुपए आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि बुधवार को थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत सी. मार्केट पावर हाउस के पास मुखबीर कि एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) विक्रय के लिए रखा है. सूचना पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर अरमान अंसारी (21 वर्ष) आरोपी को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कया गया है.
आज और कल होगी तीन श्रेणियों के किसानों की धान खरीदी
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई है. इसके अंतर्गत तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय हेतु अतिरिक्त दो दिवस 5 एवं 6 फरवरी तक खरीदी की अनुमति प्रदान की गई है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार तीन प्रकार के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे. ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया गया, किंतु सत्यापन नहीं हो पाया है. ऐसे किसान, जिनके द्वारा 10 जनवरी के पश्चात आवेदन किया गया तथा सत्यापन उपरांत उनके पास धान पाया गया है. ऐसे किसान, जिन्हें 28 जनवरी, 29 जनवरी एवं 30 जनवरी को टोकन प्राप्त हुआ था, परंतु किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे. किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बारदाना एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं.
बीएसपी से 210 किलो कॉपर केबल चोरी का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रतिबंधित क्षेत्र से स्क्रैप कॉपर केबल चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है. बीएसपी सुरक्षा बल सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया.
भट्ठी पुलिस ने बताया कि एएसआई डोमाजी सातपुते (55 वर्ष) के औसुब इकाई बीएसपी में 3 फरवरी को प्रथम पारी (सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक) में जोरातराई गेट पर पारी प्रभारी के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान सुबह लगभग 6.20 बजे, ओआरटी कर्मियों को हुंडई सेंट्रो कार जल भवन के पीछे प्रोपेन प्लांट के सुनसान क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी. पूछताछ के लिए पहुंचने पर वाहन चालक कार लेकर भाग निकला. पीछा करने के दौरान एसई रेलवे गेट के पास दो व्यक्ति कार छोड़कर फरार होने लगे.
ओआरटी कर्मियों ने दौड़ाकर पीछा किया और सुबह करीब 6.30 बजे एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि वाहन चालक झाड़ियों और धूल का फायदा उठाकर फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम संतोष निषाद (35 वर्ष) निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर बताया. उसके पास कोई वैध गेट पास नहीं था.
पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी चॉकलेटी यादव कार की चाबी लेकर फरार हो गया. वाहन की तलाशी लेने पर कार से स्क्रैप कॉपर केबल बरामद हुई. कार की पिछली सीट के नीचे चोरी के उद्देश्य से बनाई गई विशेष कैविटी भी पाई गई. बरामद कॉपर केबल का वजन 210 किलोग्राम पाया गया.
जिले के 5 आदर्श चौक पर लापरवाही पड़ेगी भारी
भिलाई नगर। यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए 5-ई मॉडल के तहत कार्रवाई शुरू की है. इसके तहत जिले के 5 प्रमुख चौक-चौराहे चिन्हित किए हैं, जहां यातायात पुलिस एवं थाना बल की संयुक्त विशेष टीमें तैनात की गई. टीम ने हेलमेट, नशे में वाहन चलाने एवं अन्य उल्लंघनों पर विशेष निगरानी कर यातायात नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि दुर्ग यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा सुदृढ़ करने एवं यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिले के 5 चयनित स्थानों को आदर्श चौराहा के रूप में विकसित किया है. इसमें दुर्ग का राजेन्द्र प्रसाद चौक, गुरुद्वारा तिराहा नेहरू नगर, टाउनशिप का रेल चौक व बीएसएनएल चौक और कुम्हारी टोल प्लाजा शामिल है.
इस चौक-चौराहों पर 5-ई के तहत इन्फोर्समेंट के तहत नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने बताया आदर्श चौराहों पर विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, नशे की अवस्था में वाहन चलाने तथा के अन्य यातायात नियमों उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
चुलगहन में मानसगान प्रतियोगिता कल से
रानीतराई। ग्राम चुलगहन में त्रिदिवसीय श्री राम चरित मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 8 फरवरी तक आयोजन किया गया. विकास कार्यक्रयों आधारशिला एवं लोकार्पण का आयोजन किया गया है. मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल एवं जितेंद्र वर्मा प्रदेश मंत्री छत्तीसगढ़ होंगे. समापन एवं पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक पाटन होंगे . अध्यक्षता अशोक साहू विधायक प्रतिनिधि जि. पं. दुर्ग करेंगे.
विशेष अतिथि आशीष वर्मा पूर्व ओएसडी, राजेश ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष जामगांव आर, श्रीमती रश्मि भेद प्रकाश वर्मा सभापति ज. पं. पाटन, सोहन जोशी मंडल अध्यक्ष, भोज राम रघुवंशी सेक्टर प्रभारी, भविष्य जैन विधायक प्रति. शास. महा. रानीतराई, मनोज पटेल ( सरपंच ग्रा. पं. चुलगहन के कर कमलों में होंगे.
दो दिवसीय मानसगान प्रतियोगिता 14 से
नंदिनी अहिवारा। महाशिवरात्रि के अवसर पर 14 और 15 फरवरी को ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम अरसनारा में दो दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. यह जानकारी बाल त्रिमूर्ति मानस मंडली के अध्यक्ष रामा लोधी ने दी.
दिल्लीवार समाज का महासंगम कल
अंडा। दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज 6, 7 व छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय आयोजन 8 फरवरी को जंजगिरी सर्किल के ग्राम देवरी (ख) में आयोजित होगा. 6 फरवरी को युवा समिति का खेल महोत्सव व महिला समिति का आदर्श विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा. 7 व 8 फरवरी को अधिवेशन का मुख्य कार्यक्रम होगा.
कार्यक्रम के तहत 6 फरवरी को समाज के युवा समिति द्वारा युवा खेल महोत्सव का आयोजन होगा. इसमें दिल्लीवार प्रो कबड्डी प्रतियोगिता होगी. इसमें समाज के सभी 13 सर्किल की टीम शामिल होंगी. केंद्रीय युवा समिति के अध्यक्ष हेमंत देशमुख व युवा अध्यक्ष सर्किल जंजगीरी तामेश्वर देशमुख ने बताया कि आयोजन में दिल्लीवार प्रो कबड्डी, दिल्लीवार मैराथन, स्व सहायता समूह द्वारा प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर का आयोजन होगा. 6 फरवरी को आयोजित आदर्श विवाह में समाज के चार जोड़े परिणय सूत्र में बचेंगे.
देवबलौदा महोत्सव मनाने का निर्णय
भिलाई तीन। देव बलौदा महोत्सव को लेकर निगम कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से देवबलोदा महोत्सव कार्यक्रम आयोजन करने निर्णय लिया गया.
भिलाई निगम भिलाई चरोदा क्षेत्र के वार्ड देवबलोदा में कलचुरीकाल से भगवान शंकर का ऐतिहासिक मंदिर निर्मित है. प्रति वर्ष महाशिवरात्रि पर हजारों हजार दर्शनार्थी देवबलोदा पहुंच कर भगवान शिव के इस पवित्र धाम पर अपनी आराधना करते हैं, और कांवरिया जन जलाभिषेक करते है. वहीं निगम भिलाई चरोदा द्वारा परंपरागत रूप से मेला स्थल देवबलोदा में सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है.
इसी आयोजन को लेकर निगम के सभी 40 वार्डों के पार्षदों की कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक रख कर चर्चा की गई. इस दौरान महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर, नेताप्रतिपक्ष रामखिलावन वर्मा, उप नेताप्रतिपक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय सहित सभी वार्ड पार्षद एवं निगम के कायर्पालन अभियंता रवि सिंहा सहितनिग़म सचिव अश्वनी चंद्राकर उपस्थित रहे .
हुडको में मुख्य जल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, दो वार्डों में जल संकट
भिलाईनगर। हुडको क्षेत्र में 33 केवी विद्युत लाइन के लिए खंभे गाड़ने के दौरान भारी लापरवाही सामने आई है. मुख्य जल आपूर्ति लाइन की डीआई पाइपलाइन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस घटना के कारण क्षेत्र के दो वार्डों में आज पूरे दिन जल आपूर्ति ठप रही, वहीं पाइप फटने से आसपास का इलाका जलमग्न हो गया.
प्रोजेक्ट डिवीजन से संबंधित विद्युत ठेकेदार द्वारा 3 फरवरी 2025 को हुडको पानी टंकी के पास नगर निगम से बिना एनओसी लिए एवं किसी जिम्मेदार अधिकारी को सूचना दिए बिना मशीन से खुदाई की गई, जिससे मुख्य जल आपूर्ति वाली पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई. हैरानी की बात यह है कि घटना के एक दिन बाद भी संबंधित विभाग द्वारा पाइपलाइन संधारण का कोई कार्य प्रारंभ में भारी नहीं किया गया, जिससे नागरिकों आक्रोश है. स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यदि आज ही पाइपलाइन का संधारण नहीं किया गया तो कल पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी. विभागीय लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


