भिलाईनगर। दुर्ग जिले के ऐसे शहर के 5 प्रमुख चौक-चौराहों पर अब यातायात नियमों को तोड़ना लगभग नामुमकीन हो गया है. बिना सीट बेल्ट पहने बिना हेलमेट लगाए अब इस निगरानी से बच नहीं पाएंगे. यहां पर पिछले 8 दिनों में यातायात पुलिस ने ई-डिवाइस के माध्यम से त्वरित एवं पारदर्शी 1112 का ई-चालान काटा गया है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन के पश्चात भी सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने 1 फरवरी से विशेष प्रवर्तन अभियान प्रारंभ किया गया है .

इस अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु सघन चेकिंग की जा रही है. यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहर के ऐसे प्रमुख चौक-चौराहों को चिन्हित किया गया है, जहां यातायात दबाव अधिक रहता है तथा नियम उल्लंघन की संभावना बनी रहती है. इन सभी स्थानों पर दिन एवं रात्रि विशेष टीमों की तैनाती कर निरंतर निगरानी रखी जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋचा मिश्रा ने बताया कि 1 से 8 फरवरी तक संचालित इस विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 दोपहिया वाहन चालकों तथा बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 162 चारपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई. इस प्रकार कुल 1112 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई.
ट्रक से वायर चोरी करने वाला आरोपी पकड़ाया
भिलाईनगर। ट्रक में लगे वायर को चोरी करने वाले एक आरोपी को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी से चोरी किए गए वायर के टुकड़े को बरामद कर जब्त किया गया है.
नेवई थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि 7 फरवरी को आकाश कुमार राय ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसका ट्रांसपोर्ट में 15 ट्रकें हैं. 6 फरवरी को मैत्री कुंज रिसाली आर्शीर्वाद भवन के पास रोड किनारे 5 ट्रकें खड़ी थी. रात 10.30 बजे में खाना खाकर टहलने निकला था तो देखा कि तीन व्यक्ति ट्रक में तोड़-फोड़ कर रहे थे, जिस पर उसने चिल्लाकर अपने भाई गौरव शुभम को बुलाया और उन्हें दौड़ाया तो वे लोग वहां से भाग गए.
चोरों में एक व्यक्ति मोहारी मरोदा का निवासी लीलाधर बघेल था, जो वायर लेकर रात्रि का फायदा उठाकर वहां से भाग गया. उसके बाद ट्रक चेक करने पर उक्त ट्रकों से टर्मिनल वायर, वायर एवं गाड़ी के सम्पूर्ण वायर एव गाड़ी में लगे बैटरी वायर कटे हुये थे. आरोपी लीलाधर एवं उनके अन्य 2 साथियों ने खुले स्थान से रात्रि का फायदा उठाकर चोरी कर ले गये. विवेचना के दौरान आरोपी लीलाधर बघेल उर्फ दादू से चोरी किए गए वायर के टुकड़े को जब्त किया गया.
2 किलो 30 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। मोहननगर पुलिस ने तितुरडीह इलाके में कार्रवाई करते हुए गांजा बेचते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो 30 ग्राम गांजा जब्त किया है. इसके अलावा आरोपी के पास से 2200 रुपए नगद भी बरामद किए गए हैं.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 8 फरवरी को थाना मोहन नगर को मुखबीर से सूचना मिली कि तितुरडीह दुर्ग क्षेत्र में एक व्यक्ति सफेद रंग के झोले में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में है. सूचना पर थाना मोहन नगर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बताए गए स्थान पर दबिश दी.
दबिश के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई. पूछताछ में अपना नाम गोपाल नाग (38 वर्ष) निवासी तितुरडीह, थाना मोहन नगर बताया. उसके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ. आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
शोधार्थियों से फीस के नाम पर ठगी करने वाला सीएसवीटीयू का कनिष्ठ सलाहकार गिरफ्तार
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) में पीएचडी शोधार्थियों से शुल्क के नाम पर 9.44 लाख की ठगी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने सुनील कुमार प्रसाद के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी एवं गबन के आरोप में अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है.
डीआईजी एवं दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि सीएसवीटीयू के प्रभारी कुलसचिव ने 27 जनवरी के माध्यम से थाना नेवई को कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था. आवेदन के अवलोकन एवं जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि विश्वविद्यालय के पीएचडी पंजीकृत शोधार्थियों से निर्धारित शुल्क जमा कराने के नाम पर गंभीर अनियमितताएं की गई हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन की गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में कुल 9 लाख 44 हजार 500 रुपए के गबन की पुष्टि हुई है.
जांच में यह भी सामने आया कि पीएचडी शाखा में कार्यरत कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद ने शोधार्थियों से नकद राशि लेकर उन्हें फर्जी शुल्क रसीदें प्रदान की. कुछ मामलों में राशि को उनके निजी बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराया गया. रिपोर्ट पर नेवई पुलिस ने मामले में धारा 316 (2), 336 (3), 338 एवं 340 (2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आरोपी सुनील कुमार प्रसाद के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.
अग्रवाल ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपी सुनील कुमार प्रसाद ( 38 वर्ष) निवासी एचएससीएल कॉलोनी, रूआबांधा, थाना नेवई के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर सोमवार को गिरफ्तार कर उसके पास से फर्जी शुल्क रसीदें एवं संबंधित दस्तावेज जब्त किया गया.
बंद पड़े वाटर एटीएम को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग
दुर्ग। छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन द्वारा पत्र प्रेषित कर दुर्ग जिला निगम क्षेत्रांतर्गत जल मिशन योजनांतर्गत निर्मित वाटर एटीएम इंदिरा मार्केट, मालवीय चौक, समृद्धि मार्केट अन्य जगहों पर लगाये गये हैं. उक्त वाटर एटीएम देखरेख के अभाव / संधारण नहीं होने के कारण विगत कई माह से बंद पड़े हैं, जिससे आम नागरिकों/क्षेत्र वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. संगठन द्वारा पूर्व में भी 16/09/2025 को पत्र से अवगत कराया गया है. अतएव उक्त बंद पड़े वाटर एटीएम को गर्मी प्रारंभ होने के पूर्व पुनः संधारण कर शीघ्र प्रारंभ किये जाने कलेक्टर दुर्ग को (जनदर्शन ) में ज्ञापन सौंपा गया.
पीपी एक्ट की कार्रवाई से टाउनशिप में आक्रोश
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के आवासीय क्षेत्र में प्रबंधन द्वारा पी. पी. एक्ट के माध्यम से की जा रही कार्यवाही को लेकर टाउनशिप में निवासरत रिटेंशनधारी पूर्व कार्मिकों में गहरा रोष एवं असंतोष व्याप्त है.
रिटेंशनधारी वे सभी पूर्व कार्मिक हैं जो संयंत्र की रिटेंशन योजना के अंतर्गत टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में वर्षों से निवासरत हैं. यह योजना सेल बोर्ड की 340वीं बैठक में हाउस – लीज योजना के पुनः क्रियान्वयन में हो रही देरी को देखते हुए लागू की गई थी, ताकि प्रतीक्षारत पूर्व कार्मिकों को अस्थायी रूप से उनके वर्तमान आवास में 32 गुना पैनल रेंट पर रहने की अनुमति मिल सके. परंतु हाल ही में प्रबंधन द्वारा अचानक इस योजना के अंतर्गत निवासरत पूर्व कार्मिकों पर 24 प्रति वर्ग फीट की दर से किराया अधिरोपित कर दिया गया है, जो पूर्णतः अव्यवहारिक, अमानवीय एवं योजना की मूल भावना के विपरीत है.
इस निर्णय का स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी तीव्र विरोध किया गया. भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव द्वारा किए गए अनशन के पश्चात 24 दिसंबर को प्रशासनिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में यह स्पष्ट सहमति बनी थी कि किसी भी प्रकार की बेदखली अथवा दमनात्मक कार्रवाई पर अंतिम निर्णय तक रोक रहेगी.
इसके बावजूद नगर सेवाएं विभाग द्वारा निरंतर नोटिस जारी कर पूर्व कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों के बीच भय और दहशत का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है, जो उक्त सहमति का खुला उल्लंघन है. अतः रिटेंशनधारी पूर्व कार्मिक प्रशासन एवं संबंधित प्रबंधन से यह मांग करते हैं कि नगर सेवाएं विभाग की इस प्रकार की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, जब तक कि इस विषय पर कोई अंतिम एवं न्यायसंगत निर्णय नही हो जाता.
खुर्सीपार, छावनी में कल रहेगी जलापूर्ति प्रभावित
भिलाईनगर। रामनगर उच्चस्तरीय जलागार में पानी भरने हेतु मुख्य राइजिंग पाइप लाइन से इंटरकनेक्शन का महत्वपूर्ण कार्य किया जाना है. इस सुधार कार्य के कारण 11 फरवरी को जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित रहेगी. कार्य प्रारंभ 10 फरवरी को प्रातः 9 बजे से होगा. कार्य के दौरान 77 एमएलडी जलशोधन संयंत्र ड्ब्ल्यूटीपी सुबह से कार्य पूर्ण होने तक बंद रहेगा. मुख्य सुधार कार्य के कारण 11 फरवरी को संबंधित क्षेत्रों में आंशिक रूप से जलप्रदाय प्रभावित रहेगा. प्रभावित होने वाले क्षेत्र उच्च स्तरीय जलागार खुर्सीपार, छावनी, गौतम नगर एवं वैशाली नगर है. संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से निगम ने अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण पूर्व में ही कर लें.
भिलाई के मुद्दों पर विधायक देवेन्द्र ने किया जनता से संवाद
भिलाईनगर। भिलाई बचाओ अभियान के तहत रविवार को सेक्टर-4 क्षेत्र में एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को विधायक देवेंद्र यादव ने सुना. कार्यक्रम का उद्देश्य भिलाई मूलभूत सुविधाओं, नागरिक अधिकारों की और विकास से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाना तथा जनभावनाओं को मजबूती से आगे बढ़ाना रहा.
जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने भिलाई स्टील प्लांट से जुड़ी समस्याओं को उठाया. सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए. प्रबंधन की पॉलिसी की वजह से रहवासियों को हो रही समस्या समाधान पर भी फोकस किया गया. वहीं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया.
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, सेक्टर-5 वार्ड क्रमांक 59 के पार्षद एकांश बंछोर, सेक्टर-4 वार्ड क्रमांक 57 के पार्षद राजेश चौधरी, सेक्टर-3 के पार्षद सुरेश वर्मा, इंटक महासचिव संजय साहू, राधिका नगर के पार्षद आदित्य सिंह तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 4 के अध्यक्ष सौरभ दत्ता, सुमित सिंह पवार विशेष रूप से उपस्थित रहे.
चिंगरी में दो दिवसीय मानसगान सम्मेलन 14 से
अंडा। श्री विश्वरूप नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासी चिंगरी में दो दिवसीय भव्य मानसगान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. यह धार्मिक आयोजन 14 एवं 15 फरवरी को होगा. मानसगान सम्मेलन के दौरान रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का गायन एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी जाएगी. इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में विश्वरूप नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासी चिंगरी द्वारा तैयारियां की जा रही हैं. आयोजक समिति सदस्य साकेत देशमुख, धनंजय देशमुख साकेत पटेल अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
महमरा में मड़ई मिलन का आयोजन
दुर्ग। ग्राम महमरा (अंजोरा ख ) में 11 फरवरी को मंडई मिलन (मड़ई मेला) का भव्य आयोजन होने जा रहा है. शाम ढलते ही रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसमें राजनांदगांव के रंगछत्तीसा कला मंच के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे.
13 तक कौही में श्रीमद् भागवत कथा
रानीतराई। श्रीमद् भागवत कथा कौही में 7 से 13 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन मंदिर समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है. कथा वाचक पं. हरि शरण वैष्णव कनेरी धमतरी है . घट एवं श्री गणेश स्थापना, कलश यात्रा, भागवत प्रारंभ एवं सुखदेव प्रागट्य, सृष्टि वर्णन, सतरूपा चरित्र एवं अवतार ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र, गजेंद्र मोक्ष, सागर मंथन, वामन अवतार, रामकृष्ण जन्मोत्सव बाल लीला, रुक्मणी विवाह, सुदामा चरित्र एवं तुलसी वर्षा शोभायात्रा गीता पाठ विष्णु यज्ञ पूर्ण आहुति की जाएगी. साथ ही 15 को महाशिवरात्रि मेला आयोजित है.
सिलौदा में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता 13 से
अंडा। ग्राम सिलौदा में न्यू उत्साही मंडल एवं समस्त ग्रामवासी सिलौदा के तत्वावधान में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 13 एवं 14 फरवरी को किया जा रहा है. प्रतियोगिता का उद्घाटन 13 फरवरी को आयोजित किया जाएगा. मुख्य अतिथि आर. एस. पांडे, मैनेजर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड बोर्ड रमसदा होंगे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसुइया नारायण साहू, सरपंच खपरी करेंगे. समापन समारोह 14 फरवरी को होगा. समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलेश पंवार, मैनेजर टॉपवर्थ एंड स्टील लिमिटेड बोर्ड रमसदा होंगे. अध्यक्षता नारायण साहू, पूर्व सरपंच खपरी सिलौदा द्वारा की जाएगी. समारोह में जीवनलाल यादव, महेंद्र राजेश यादव, नोहर निषाद, नंदकुमार निषाद, पंवार एवं मनोज पंवार (सभी सिलौदा) विशेष अतिथि उपस्थित रहेंगे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


