प्रदीप मालवीय, उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित केशव नगर क्षेत्र में दो पक्षों में मारपीट का एक मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी भी वायरल हुआ है। जिसमें दोनों पक्ष एक दूसरे को मारते-पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान लाठी-डंडे और पत्थर भी चले। घटना में हिंदू पक्ष की ओर से कोचिंग संचालक घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है।

कोचिंग के सामने से ऑटो निकालने की बात पर विवाद

मामले में सीएसपी ने बताया कि घटना का कारण कोचिंग के सामने से ऑटो निकालने की बात पर विवाद होना बताया जा रहा है। हालांकि कोचिंग संचालक का जिस विशेष वर्ग के परिवार से विवाद हुआ है, उनसे पहले भी दो बार विवाद हो चुका है। मामले में थाना नीलगंगा पुलिस जांच कर रही है। 

जमकर चले लाठी, डंडे और पत्थर

दरअसल, मंगलवार को केशव नगर क्षेत्र में रहने वाले ऑटो चालक इमरान और आरिफ परिवार को लेकर ऑटो से जा रहे थे। घर के पास में ही मैथ्स पावर कोचिंग क्लास है, जिसका संचालन अजय जागरी करते हैं। आज अजय अपनी कोचिंग के नीचे खड़े थे, इसी दौरान इमरान और आरिफ ऑटो से निकले जिसे लेकर विवाद उपजा। मामला इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोग इकठ्ठा हो गए और एक-दूसरे को लाठी, डंडे और पत्थर से मारने लगे। 

कोचिंग संचालक घायल

घटना में कोचिंग संचालक अजय घायल हो गए जिन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ता और अन्य कोचिंग संचालक भी आ गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति देखने को मिली। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी पथराव किया। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। वहीं दूसरी ओर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।

इमरान और आरिफ पर हफ्ता वसूली के आरोप

दूसरी और इस घटना को लेकर घायल की पत्नी पूनम जागरी ने पुलिस को बयान दिया कि क्षेत्र में ही रहने वाले इमरान और आरिफ आए दिन हफ्ता वसूली को लेकर परेशान करते हैं। हफ्ता न देने पर आज मारपीट पर करने लगे। फरियादिया के कथन पर पुलिस ने मुस्लिम पक्ष के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

जांच में जुटी पुलिस

मामले में सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि दो पक्षों के बीच आने जाने पर विवाद हुआ है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी और अन्य सबूत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति कायम हो इसलिए पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल का उपचार जारी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m