कमल वर्मा, ग्वालियर। दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर के एक यूथ कांग्रेस नेता को हिरासत में लिया और उन्हें लेकर दिल्ली ले गई। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी में भी हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए यूथ कांग्रेस नेता दिल्ली में भारत मंडपम में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट में हुए कांग्रेस विरोध प्रदर्शन में शामिल था। दिल्ली पुलिस को अंदेशा है कि इस तरह के प्रदर्शन से देश की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।

दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। कार्यक्रम के फुटेज व आधारों पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तलाश में दिल्ली पुलिस कार्यवाहियां कर रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव भी शामिल होने की दिल्ली पुलिस को आशंका है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

इसी को लेकर दिल्ली से आई पुलिस पार्टी ने तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया हैं और बताया जा रहा कि जितेंद्र को लेकर दिल्ली पुलिस रवाना हो चुकी है। जिसको लेकर ग्वालियर में भी जिला कांग्रेस में हलचल देखी जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता आर पी सिंह ने बताया कि कथित तौर पर ऐसा कहा जा रहा है कि कोई आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है। युवक कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव के घर पुलिस ने रेड डाली, बल्कि मैं तो ये कहूंगा कि जिस रूप से उन्होंने घर में प्रवेश किया। पूरे घर परिवार के लोगों को प्रताड़ित किया। उनके मोबाइल तक जब्त कर लिया, लगता ही नहीं कोई कानूनी व्यवस्था है। पूर्ण अराजकता का माहौल बना है।

कहीं कोई जानकारी नहीं

उन्होंने कहा कि सुबह से हम सब लोग शहरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ग्रामीण जिलाध्यक्ष सभी लोग थाने, एसपी कार्यालय से लेकर क्राइम ब्रांच समेत अन्य स्थानों के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन जितेंद्र की कहीं कोई जानकारी सही से नहीं दे रहा है। ऐसा लग रहा है कि कोई आतंकवादी जैसी हरकत हुई है। यदि कोई छात्र कथित तौर पर किसी आंदोलन में शामिल है। किसी तरह का कोई आरोप भी है तो परिवारों का अधिकार है कि वह इस बात को जाने कि उनके बच्चे को लेकर कहा जा रहे है ? उनका बच्चा ठीक है कि नहीं ? हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस के पदाधिकारी भी कैमरे के सामने कुछ भी कहने से कहने बचते रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m