वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जोनल पुलिस अधीक्षक कार्यालय (विशेष शाखा) बिलासपुर में पदस्थ पुलिस कर्मियों के परिवारों के लिए आज का दिन दोहरी खुशियाँ लेकर आया है। विभाग में कार्यरत दो प्रधान आरक्षकों की बेटियों ने अपनी असाधारण प्रतिभा और मेहनत से सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। एक ओर स्वाति पैंकरा ने प्रथम प्रयास में सिविल जज (व्यवहार न्यायाधीश, कनिष्ठ श्रेणी परीक्षा-2024) में चयन प्राप्त कर अपने परिवार और विभाग का नाम रोशन किया, तो वहीं संध्या कौशिक ने एमबीबीएस में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 गोल्ड मेडल अर्जित किए।

स्वाति पैंकरा ने प्रथम प्रयास में सिविल जज परीक्षा में हासिल की सफलता

जोनल पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विशेष शाखा, बिलासपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक (चालक) सतलोक साय पैंकरा और माता मनप्यारी देवी पैंकरा की पुत्री स्वाति पैंकरा ने प्रथम प्रयास में ही सिविल जज (व्यवहार न्यायाधीश, कनिष्ठ श्रेणी परीक्षा-2024) में चयन प्राप्त कर विभाग का गौरव बढ़ाया। स्वाति ने डी.पी. विप्र लॉ कॉलेज से 2024 में बीएएलएलबी की डिग्री प्राप्त की और इसी दौरान सिविल जज परीक्षा की तैयारी में जुट गईं।

संध्या कौशिक ने एमबीबीएस में 5 गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास

प्रधान आरक्षक (चालक) उमाकांत कौशिक और माता मंदाकिनी कौशिक की पुत्री संध्या कौशिक ने नीट (छ.ग.) में सफलता के बाद सिम्स बिलासपुर से एमबीबीएस की डिग्री पूरी की। एमबीबीएस में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उन्हें 2 गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, आप्थैल्मोलॉजी में सर्वोच्च अंक, डॉ. रमेश चन्द्र तिवारी मेमोरियल धन्वंतरि गोल्ड मेडल, और डॉ. श्रुति चंद्राकर मेमोरियल गोल्ड मेडल के साथ कुल 5 गोल्ड मेडल अर्जित किए। वर्तमान में संध्या केयर हॉस्पिटल, हैदराबाद में रेडियोलॉजिस्ट पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं। इससे पहले कक्षा 12वीं की परीक्षा में वह प्रदेश में सर्वोच्च अंक हासिल कर चुकी है।

पुलिस विभाग ने दी बधाई और शुभकामनाएं

स्वाति पैंकरा और संध्या कौशिक की इन उपलब्धियों पर जोनल पुलिस अधीक्षक दीपमाला कश्यप, उप पुलिस अधीक्षक अजितेश सिंह, निरीक्षक पौरूष पुर्रे, निरीक्षक चित्रसेन सिंह खरसन, निरीक्षक विकास उपाध्याय, निरीक्षक आर.के. पात्रे, निरीक्षक बसंत कुजूर सहित कार्यालय के सभी कर्मचारियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी।

दोनों युवतियों ने अपने प्रयास और लगन से शिक्षा और प्रतियोगिता के क्षेत्र में मिसाल पेश की है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन सकती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H