Gold Silver Price Today : इजराइल-ईरान युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव की वजह से सोने की कीमत में उछाल आया है. 2 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 173,240 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई. मुंबई में यह कीमत 173,090 प्रति 10 ग्राम है. एक हफ्ते में 24 कैरेट सोना 9,430 महंगा हो गया है. 22 कैरेट सोने की कीमत में 8,550 की बढ़ोतरी हुई है. इंटरनेशनल मार्केट में सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोना 2 परसेंट से ज्यादा बढ़कर $5,390 प्रति औंस पर पहुंच गया.

28 फरवरी, 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान किया और हवाई हमले किए. कुछ ही घंटों में ईरान ने इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन हमले करके जवाबी कार्रवाई की. ईरान ने मिडिल ईस्ट के आधा दर्जन से ज्यादा देशों पर भी हमला किया है. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की इजरायली हमले के पहले ही दिन मौत हो गई थी. अगर लड़ाई बढ़ती है, तो सोने और चांदी की चमक बढ़ना तय है.
देश के कुछ बड़े शहरों में सोने के रेट
- दिल्ली में सोने का भाव: दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 173,240 प्रति 10 ग्राम है. 22 कैरेट सोने का भाव 158,810 प्रति 10 ग्राम है.
- मुंबई, चेन्नई और कोलकाता: अभी मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने का भाव 158,660 प्रति 10 ग्राम है, जबकि 24 कैरेट सोने का भाव 173,090 प्रति 10 ग्राम है.
- पुणे और बेंगलुरु में कीमत: इन दोनों शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 173,090 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 158,660 प्रति 10 ग्राम है.

एक ही दिन में चांदी की कीमतों में 35,000 की तेजी
आज सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में 35,000 प्रति किलोग्राम की तेजी आई है. अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं. दिल्ली में एक किलोग्राम चांदी की कीमत 330,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है.
MCX पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव करीब 3.15 प्रतिशत बढ़कर 167,217 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. इंटरनेशनल मार्केट में COMEX पर सोने का स्पॉट प्राइस 1.86 परसेंट बढ़कर $5,345.50 प्रति औंस हो गया. चांदी 0.81 परसेंट बढ़कर $94.045 प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि ईरान पर US और इज़राइल के जॉइंट अटैक और ईरान के जवाबी एक्शन के बाद हालात और टेंशन वाले हो गए हैं. इससे मार्केट में अस्थिरता आई है और सेफ हेवन की डिमांड बढ़ गई है.


