Bihar Top News Today 09 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
पीके की भविष्यवाणी
कैमूर। बिहार की राजनीति में इन दिनों बयानों के तीर खूब चल रहे हैं। चुनावी रणनीतिकार और ‘जन सुराज’ के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत भभुआ पहुंचे पीके ने कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की और मीडिया से मुखातिब होते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए।
चिराग को मुख्यमंत्री बनाने की मांग
पटना। सीएम नीतीश द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन किए जाने के बाद से बिहार का सियासी माहौल गर्म है। इसके साथ ही राज्य का अगला सीएम कौन होगा? इसे लेकर अटकलों का दौर जारी है। नीतीश कुमार दो दशक बाद बिहार की कमान संभालने के बाद अब दिल्ली की सियासत का रुख करने जा रहे हैं, जिसे पटना से दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है। सबकी नजर इस बात पर है कि नीतीश के बाद बिहार की बागडोर आखिर किसे सौंपी जाएगी?
हाथी का भारी उत्पात
रोहतास। जिले के तिलौथू और अमझोर के बीच स्थित सोन नदी के रेतीले टीलों पर पिछले दो दिनों से एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचा रखा है। कैमूर पहाड़ियों से भटक कर आए इस गजराज के कारण नदी के बीच बसे किसानों और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।
राजेश राम का नीतीश पर तंज
पटना। बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार को भाजपा ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया है। राजेश राम ने चेतावनी दी कि भाजपा का अगला निशाना अब एन. चंद्रबाबू नायडू होंगे।
निशांत को बीजेपी का समर्थन
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नई हलचल देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। राजनीति से दूर रहने वाले निशांत के इस कदम ने न केवल जेडीयू कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है, बल्कि आगामी बिहार दौरे की खबरों ने सियासी पारा भी बढ़ा दिया है। निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश का भारतीय जनता पार्टी ने भी खुले दिल से स्वागत किया है। भाजपा विधायक सह सचेतक इंजीनियर शैलेंद्र ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि निशांत जी का सक्रिय राजनीति में आना एक सुखद संकेत है। उन्होंने जोर देकर कहा, हम लोग शुरू से ही चाहते थे कि वे राजनीति में आएं। जेडीयू आलाकमान ने यह निर्णय लेकर संगठन को मजबूती प्रदान की है।
ट्रेनों में सीटों की मारा-मारी
गया। होली का उल्लास थमते ही बिहार से दूसरे राज्यों की ओर पलायन का सिलसिला शुरू हो गया है। गया जंक्शन पर इन दिनों दिल्ली, पंजाब और हरियाणा लौटने वाले कामगारों और यात्रियों का रेला उमड़ पड़ा है। स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफॉर्म तक तिल रखने की जगह नहीं है, और जनरल बोगियों में पैर रखने तक के लिए यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
प्रॉपर्टी डीलर को उतारा मौत के घाट
बेगूसराय। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला सिंघौल थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
हड़ताली अधिकारियों पर गिरेगी गाज
पटना। बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में जारी गतिरोध के बीच उपमुख्यमंत्री सह मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने हड़ताली अंचलाधिकारियों (CO) और राजस्व अधिकारियों (RO) को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वे तुरंत काम पर नहीं लौटे, तो उनके खिलाफ निलंबन और सेवा समाप्ति जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्राइवरों का प्रर्दशन
मुजफ्फरपुर। जिले में कलेक्ट्रेट परिसर आज उस समय नारों से गूंज उठा, जब ‘ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार’ के बैनर तले सैकड़ों ड्राइवरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं और कमर्शियल वाहनों के लाइसेंस धारक चालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
12 पुलिसकर्मियों पर NBW जारी
मुजफ्फरपुर। जिले में न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी करना पुलिस अधिकारियों को भारी पड़ गया है। जिले की विशेष अदालतों ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन डीएसपी समेत 12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। यह सख्त कदम बार-बार समन भेजने के बावजूद गवाही के लिए पेश न होने पर उठाया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

