शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर के ललित महल होटल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आज रात समारोह के दौरान की गई आतिशबाजी की चिंगारी आसपास लगे पेड़ों पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग दूल्हा-दुल्हन के स्टेज के तीनों तरफ फैल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।

बता दें कि आग लगने की घटना से शादी समारोह में मौजूद मेहमानों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और स्टाफ की सतर्कता से तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि आग पेड़ों और आसपास की सजावट तक ही सीमित रही और किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद एहतियात के तौर पर समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
देखें VIDEO
गौरतलब है कि शादी समारोहों में आतिशबाजी का ट्रेंड काफी बढ़ गया है, लेकिन ये आतिशबाजी कई बार इस तरह की घटनाओं का कारण बन जाती है, इसलिए ऐसे आयोजनों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

