अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले से रविवार की रात बिजली विभाग की लापरवाही की एक दुखद तस्वीर सामने आई है। दरअसल चेनारी प्रखंड के डिहरियां पंचायत अंतर्गत खैरा गांव के वार्ड पार्षद सदानंद तिवारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक खैरा गांव निवासी गोवर्धन तिवारी के पुत्र बताए जाते हैं और घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

बिजली के खंभे पर मौत

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि मृतक सदानंद तिवारी गांव के कुछ लोगों के साथ रविवार की रात करीब आठ बजे बिजली के खंभे पर तार ठीक करने गए थे। लाइट कटने के दौरान जब वे बिजली के खंभे पर चढ़ रहे थे, तभी अचानक तार में करंट आ गया और बिजली के खंभे पर हीं सदानंद तिवारी की झुलसकर मौत हो गई। इस घटना के बाद उनके साथ गए लोग घटनास्थल से फरार हो गए।

बिजली विभाग की लापरवाही उजागर

ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर एवं तार में आई खराबी को लेकर कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन बिजली विभाग के कर्मी जब नहीं आए तो गांव के हीं कुछ लोग खुद हीं तार दुरुस्त करने के लिए गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली विभाग द्वारा समय से मरम्मती की गई होती, तो यह हादसा टल सकता था।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम डीएसपी

घटना की सूचना मिलते हीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ नेहा कुमारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन दिलीप कुमार, चेनारी थानाध्यक्ष तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये। घटनास्थल पर हीं एसडीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मियों को जमकर फटकार लगाई और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं हादसे के बाद चेनारी थाने की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को खंभे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस मृतक के साथ गये लोगों की तलाश में जुटी हुई है, ताकि हादसे की सच्चाई सामने आ सके।