विकास कुमार/सहरसा। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक साथ दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। किशनगंज के एसडीपीओ (SDPO) गौतम कुमार और सहरसा के डीआरडीए (DRDA) डायरेक्टर वैभव कुमार के बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल तक के ठिकानों पर सुबह से ही छापेमारी जारी है। दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति (DA Case) अर्जित करने का गंभीर आरोप है।
SDPO गौतम कुमार: 1.94 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप
EOW की टीम मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे किशनगंज के SDPO गौतम कुमार के आवास और कार्यालय पहुंची। टीम की तीन गाड़ियों में लगभग 12 सदस्य शामिल हैं, जो दस्तावेजों और बैंक खातों की सघन जांच कर रहे हैं। गौतम कुमार पर अपनी वैध आय से 1 करोड़ 94 लाख रुपये अधिक की संपत्ति बनाने का आरोप है। गौतम कुमार के खिलाफ यह कार्रवाई केवल किशनगंज ही नहीं, बल्कि पूर्णिया, अररिया, पटना और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी चल रही है। जांच एजेंसी को शक है कि पटना (निवास), सहरसा (पुश्तैनी घर) और पूर्णिया (ससुराल) के ठिकानों पर काली कमाई के निवेश से जुड़े अहम सबूत मिल सकते हैं। उन पर अवैध बालू खनन, लॉटरी माफिया और तस्करी के मामलों के जरिए अवैध धन उगाही का आरोप है।
DRDA डायरेक्टर वैभव कुमार: 78% अधिक मिली संपत्ति
दूसरी बड़ी कार्रवाई सहरसा के डीआरडीए डायरेक्टर वैभव कुमार के खिलाफ की गई है। सहरसा के नया बाजार स्थित उनके किराये के मकान पर सुबह 7 बजे से ही छापेमारी शुरू हो गई। वैभव कुमार के सहरसा और मुजफ्फरपुर समेत कुल 6 ठिकानों पर टीमें मौजूद हैं।
जांच में सामने आया है कि वैभव कुमार ने अपनी आय से करीब 78.03% अधिक संपत्ति अर्जित की है, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपये आंकी गई है। EOW की टीम उनके आय के स्रोतों और संपत्तियों के दस्तावेजों का मिलान कर रही है ताकि भ्रष्टाचार के इस जाल की पूरी तस्वीर साफ हो सके।
काली कमाई और रसूख का कनेक्शन
गौतम कुमार इससे पहले पटना में BMP-5 में डीएसपी के पद पर तैनात थे। आरोप है कि फील्ड पोस्टिंग के दौरान उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर बड़े गिरोहों से साठगांठ की। फिलहाल दोनों अधिकारियों से पूछताछ जारी है और छापेमारी खत्म होने के बाद संपत्ति के और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

