बेगूसराय। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने गैस सिलेंडर भरवाने के पैसे जुए में हारने के बाद अपनी 8 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान मुजफरा गारा गांव निवासी 21 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति राज चौधरी को हिरासत में ले लिया है।

​गैस के पैसों को जुए में उड़ाया, मांगने पर दी मौत

​घटना की जड़ में एक मामूली सी जरूरत और पति की लत थी। लक्ष्मी के घर में पिछले 10 दिनों से गैस खत्म थी, जिससे उसे चूल्हे पर खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही थी। लक्ष्मी के पिता ने दामाद राज चौधरी को सिलेंडर भरवाने के लिए 1,000 रुपए दिए थे। आरोप है कि राज ने वह पैसे जुए में उड़ा दिए। जब लक्ष्मी ने दोबारा सिलेंडर की मांग की, तो विवाद इतना बढ़ा कि राज ने ईंट से सिर कुचलकर उसकी जान ले ली।

​ढाई साल के मासूम के सिर से उठा साया

​लक्ष्मी की शादी 2021 में राज चौधरी के साथ हुई थी। उनका एक ढाई साल का बेटा ऋषि भी है। परिजनों के मुताबिक, राज अक्सर लक्ष्मी को प्रताड़ित करता था। लक्ष्मी के पिता ने उसे अलग होने या दूसरी शादी की सलाह भी दी थी, लेकिन सामाजिक लोकलाज और बेटे के भविष्य की खातिर वह सब सहती रही। उसे क्या पता था कि उसकी यही सहनशीलता उसके और उसके अजन्मे बच्चे के अंत का कारण बनेगी।

​हत्या को हादसा बनाने की साजिश

​लक्ष्मी की बहन ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि हमले के बाद राज अपनी पत्नी को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय काफी देर तक रास्तों पर घुमाता रहा। उसकी मंशा थी कि लक्ष्मी की मौत हो जाए और वह इस जघन्य हत्याकांड को एक दुर्घटना का रूप दे सके। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी राज का दावा है कि बिजली नहीं होने के कारण लक्ष्मी सीढ़ियों से गिर गई थी।

​पुलिस की कार्रवाई और दहेज का एंगल

​वीरपुर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी मनीष के अनुसार, मृतका के पिता भिखो चौधरी ने दहेज के लिए प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी राज चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सदर-2 डीएसपी के नेतृत्व में मामले की गहनता से जांच की जा रही है।