प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन के देवास रोड स्थित ग्राम चंदेसरी में सरकारी जमीन खाली कराने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कब्जाधारियों ने कार्रवाई रुकवाने के लिए पहले बहस की, फिर अचानक आक्रामक होकर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन को भी निशाना बनाया गया और टीम के साथ धक्का-मुक्की की गई।

मामला सर्वे नंबर 568 की करीब 2 बीघा जमीन से जुड़ा है, जिस पर लंबे समय से कुछ लोगों का कब्जा था। अधिकारियों के कई बार समझाने के बावजूद जमीन खाली नहीं की गई। इससे आसपास के खेतों तक पहुंच भी प्रभावित हो रही थी, जिसे लेकर शिकायतें लगातार मिल रही थीं। बुधवार शाम जब राजस्व विभाग का अमला, नागझिरी थाना पुलिस के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचा, तो स्थिति बिगड़ गई। विरोध कर रहे लोगों ने पत्थर फेंककर कार्रवाई रोकने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने मौके पर ही सख्ती दिखाते हुए हालात काबू में किए।

ये भी पढ़ें: नीमच में नाबालिग से छेड़छाड़ पर बवाल: आरोपी का घर ढहाने की मांग, ग्रामीण ने पुलिस पर किया पथराव-लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े

पुलिस ने इस मामले में चार पुरुष आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों, खासकर महिला आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारी हो सकती है। आपको बता दें कि कार्रवाई के दौरान विवादित जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया।

ये भी पढ़ें: खाकी का खौफनाक चेहरा: सागौन की बलि पर अपनों का ही खून बहाने लगा वन विभाग, अपने ही कर्मचारियों को दी थर्ड डिग्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m