मुजफ्फरपुर। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और अन्य युवकों पर दुष्कर्म कर उसे आर्केस्ट्रा संचालक के पास छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता अपनी आपबीती सुना रही है।
नशे की हालत में मिली पीड़िता
श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) के ओपी प्रभारी राहुल मंडल के अनुसार, मंगलवार की रात युवती को नशे की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती घंटों में वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस का कहना है कि युवती बार-बार अपना बयान बदल रही है। वहीं, पीड़िता और उसके पिता ने फिलहाल किसी भी लिखित शिकायत से इनकार किया है, जिसके कारण मामला पेचीदा बना हुआ है।
दहेज की मांग और पति की प्रताड़ना
वायरल वीडियो में युवती ने बताया कि उसकी शादी हैप्पी कुमार नाम के युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने 5 लाख रुपये और एक बाइक की मांग शुरू कर दी। दहेज की मांग पूरी न होने पर हैप्पी ने उसे बेरहमी से पीटकर घर से निकाल दिया। युवती का आरोप है कि उसके पति ने ही उसके पीछे कुछ लड़कों को लगा दिया था जिन्होंने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रेम जाल में फंसाकर मक्के के खेत में सामूहिक दुष्कर्म
घटना की कड़ी करीब छह महीने पहले एक अस्पताल से जुड़ी है, जहां युवती की मुलाकात ऋषि यादव नाम के युवक से हुई थी। ऋषि ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और 1 अप्रैल को गरहां मेला घुमाने के बहाने बुलाया। आरोप है कि मेले के पास एक सुनसान मक्के के खेत में युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। दरिंदगी का यह सिलसिला करीब तीन घंटे तक चला, जिसके बाद आरोपी उसे एक आर्केस्ट्रा संचालक के पास छोड़कर फरार हो गया।
आर्केस्ट्रा से भागने के दौरान हुई घायल
पीड़िता का दावा है कि उसे तीन दिनों तक आर्केस्ट्रा संचालक के पास बंधक बनाकर रखा गया था। वहां से किसी तरह निकलने के बाद, घर लौटने के दौरान वह ऑटो से गिरकर घायल हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हयापुर थाना अध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। हालांकि, युवती के बदलते बयानों ने पुलिस के लिए गुत्थी सुलझाना चुनौतीपूर्ण कर दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

