कुंदन कुमार, पटना। बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद का शपथ लेते ही कार्यभार संभाल लिया है। सचिवालय में उन्होंने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की, जिसमें उन्होंने आम जन से जुड़े जरूरी मुद्दों को उठाते अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उनके सीएम बनने पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।

और खुशहाल होगा बिहार- प्रेम कुमार

सम्राट चौधरी के बिहार का सीएम बनने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि, सम्राट चौधरी लगातार भारतीय जनता पार्टी के रहकर संगठन को मजबूत करते रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने से पीएम मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश का जो विजन है, और मजबूत हुआ है और उसी विजन पर बिहार में विकास के काम होंगे। उन्होंने कहा कि, हमें विश्वास है कि बिहार में किसान महिला गरीब सभी के लिए कार्य होंगे। बिहार और खुशहाल होगा। प्रेम कुमार ने कहा कि, बिहार में जो सोच लेकर नए मुख्यमंत्री बनाए गए है, सम्राट चौधरी जी उसे साकार करेंगे।

नीतीश के बताए रास्ते पर चलेंगे सम्राट- जदयू सांसद

वहीं, जदयू के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के बताए रास्ते पर चलकर बिहार का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि, विपक्ष के लोग ऐसे ही कुछ से कुछ कहते हैं। लेकिन सम्राट चौधरी में जो क्षमता है, वो लोगों ने देखा है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने बिहार में लगातार बीस साल तक विकास का काम किया है। बिहार को दलदल से बाहर निकाला है और उसी तरह विकास के कार्य को निरंतर बढ़ाने का काम नए सीएम करेंगे। यही आशा है।

NDA की सरकार थी NDA की सरकार बनी है- गिरिराज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा कि, NDA की सरकार थी NDA की सरकार बनी है और ये हम लोगों के लिए खुशी की बात है। गिरिराज सिंह ने कहा कि, नीतीश कुमार ने दिल्ली जाने का मन बनाया और उन्होंने NDA से मिलकर सम्राट चौधरी को नेता के रूप में चुना। नीतीश कुमार ने जो विकास का रोडमैप तैयार किया है, उसे आगे ले जाना, सामाजिक समरसता को आगे ले जाने का काम वे (सम्राट चौधरी) करेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘आशा है आप….’, सम्राट चौधरी के CM बनने पर तेजस्वी ने व्यंग्यात्मक अंदाज में दी बधाई, जानें क्या कहा?