Shri Badrinath Dham. भगवान श्री बद्रीनाथ के कपाट गुरुवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए. कपाट खुलते ही पूरा बदरीनाथ धाम भक्ति और श्रद्धा के भाव से सराबोर हो उठा. इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योत के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर समेत जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी की गद्दी सहित अन्य मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना की.
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया. उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने के लिे हर स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है. मुख्यमंत्री ने देश विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
इसे भी पढ़ें : जय हो बद्री विशाल : खत्म हुई प्रतीक्षा, भक्तों के लिए खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही श्री बद्रीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य और यादगार अनुभव बनेगा. कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण लोक संस्कृति और आस्था के रंग में रंग गया. वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की. सीएम धामी ने धाम में संचालित भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया. उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति की ओर से संचालित विशाल भंडारे की सराहना की.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

