सोनू वर्मा नूंह। नूंह जिले में सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ करने के मामले में पुलिस अधीक्षक डाक्टर अर्पित जैन ने एक होमगार्ड को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई जब संबंधित होमगार्ड द्वारा सिगरेट पीते हुए और विभिन्न गानों पर रील्स बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के वीडियो सामने आए।


सोशल मीडिया में वीडियो तेजी से हो रहा वायरल
जानकारी के अनुसार, “शेखावत एसआई” नाम से सोशल मीडिया पर सक्रिय इस होमगार्ड के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे। वीडियो में वह वर्दी पहनकर आम नागरिकों के साथ सिगरेट पीते हुए नजर आया, साथ ही मेवाती और अन्य गानों पर रील्स बनाता दिखाई दिया। जैसे ही यह मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया, तुरंत जांच कर कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया।


यूजर्स ने किया ट्रोल
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। दिनभर यूजर्स ने संबंधित होमगार्ड को ट्रोल किया और वर्दी की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। आमजन का कहना है कि सुरक्षा बलों से जुड़े कर्मियों को अपने आचरण में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि वे समाज के लिए एक उदाहरण होते हैं।


वर्दी की गरिमा सर्वोपरि
नूंह पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्दी की गरिमा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर गलत आचरण या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, चाहे वह कोई भी हो।


पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि वह आमजन की सुरक्षा और सेवा के साथ-साथ अपने कर्मियों के आचरण में उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। “कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई वर्दी में हो या बिना वर्दी के,” इस संदेश के साथ विभाग ने अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया है।