दीपक भारद्वाज,पलवल। हरियाणा के पलवल स्थित पुराने कोर्ट परिसर के पास अधीक्षक अभियंता कार्यालय पर शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर किया गया।
सैकड़ों कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
पलवल, नूंह और होडल डिवीजन के सैकड़ों बिजली कर्मचारी एक दिवसीय सांकेतिक गेट मीटिंग में शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने अधीक्षक अभियंता (एसई) के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।
मीटिंग की अध्यक्षता सर्कल सचिव राजेश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन राज्य सचिव सामून खान ने किया।
32 सूत्रीय मांगों पर नाराज़गी
यूनियन के राज्य उप प्रधान जितेन्द्र तेवतिया ने कहा कि करीब पाँच महीने पहले एसई को 32 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही से विभागीय समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और कामकाज के दौरान संसाधनों की कमी से कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ रही है।
प्रमुख आरोप
० कच्चे कर्मचारियों का बार-बार दस्तावेज सत्यापन के नाम पर उत्पीड़न
० निजी जानकारी थर्ड पार्टी को दिए जाने का आरोप
० लाइन शिफ्टिंग मामलों में अनियमितताओं के आरोप
० अधिकारियों पर गंभीर मामलों को नजरअंदाज करने का आरोप

