प्रतापनगर छछरौली मार्केट कमेटी के अध्यक्ष कैलाश शर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मासूम शर्मा की फिल्म 'लाइसेंस' देखने पहुंचे। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने वाली ऐसी फिल्मों और पिंजौर में बनने वाली फिल्म इंडस्ट्री की जमकर तारीफ की।

परवेज खान, यमुनानगर। हरियाणवी संगीत जगत से निकलकर सिल्वर स्क्रीन पर अपनी चमक बिखेरने वाले मशहूर सिंगर और अभिनेता मासूम शर्मा की फिल्म ‘लाइसेंस’ का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इसी कड़ी में जगाधरी के डिंपल कॉम्प्लेक्स में एक भव्य नजारा देखने को मिला, जहाँ प्रतापनगर छछरौली मार्केट कमेटी के अध्यक्ष कैलाश शर्मा अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ फिल्म देखने पहुंचे। इस दौरान सिनेमाघर के बाहर और भीतर जबरदस्त उत्साह का माहौल रहा। कैलाश शर्मा ने मासूम शर्मा की फिल्म का समर्थन कर यह संदेश दिया कि हरियाणवी कला और कलाकारों को आज समाज के हर वर्ग का भरपूर प्यार मिल रहा है।

देश-विदेश में मासूम की पहचान और पिंजौर फिल्म सिटी की उम्मीद

फिल्म देखने के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए चेयरमैन कैलाश शर्मा ने मासूम शर्मा की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मासूम शर्मा ने अपनी मेहनत के दम पर न केवल हरियाणा बल्कि सात समंदर पार विदेशों में भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘लाइसेंस’ जैसी फिल्में हमारी बोली, संस्कृति और मिट्टी की खुशबू को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। कैलाश शर्मा ने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि जल्द ही पिंजौर में हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री (फिल्म सिटी) तैयार की जाएगी। इससे स्थानीय कलाकारों को एक संगठित मंच मिलेगा और वे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे।

सफलता के नए आयाम और सांस्कृतिक जुड़ाव

फिल्म ‘लाइसेंस’ न केवल हरियाणा, बल्कि दिल्ली और मध्य प्रदेश सहित देश के कई प्रमुख राज्यों में रिलीज हो चुकी है। इस मौके पर मौजूद भाजपा नेता प्रियांक शर्मा ने भी हरियाणवी सिनेमा के बदलते दौर पर खुशी जताई। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल एक फिल्म देखना नहीं था, बल्कि हरियाणवी संस्कृति के प्रति बढ़ते जुड़ाव का प्रतीक था। दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स से यह साफ है कि हरियाणवी सिनेमा अब नए युग में प्रवेश कर चुका है और आने वाले समय में यह बॉलीवुड और अन्य क्षेत्रीय सिनेमा को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।