विकास कुमार/सहरसा। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सहरसा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस विशेष अभियान के दौरान टीम ने चार सक्रिय शराब कारोबारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

​विदेशी शराब और नशीली सिरप बरामद

​उत्पाद विभाग की पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के बेलहा टोला (कहरा वार्ड 10) में हुई। यहां से टीम ने एक आरोपी को दबोचा, जिसके पास से 11.250 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इसके तुरंत बाद, विभाग ने कृष्णा नगर इलाके में दबिश दी, जहां से एक अन्य कारोबारी को प्रतिबंधित कोडिंग युक्त कफ सिरप की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि इस सिरप का इस्तेमाल नशे के विकल्प के रूप में किया जा रहा था।

​गांधी पथ में चुलाई शराब के साथ दो गिरफ्तार

​छापेमारी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। गांधी पथ क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो अन्य शराब तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। इनके पास से 35 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई है। तस्कर शराब की आपूर्ति के लिए एक स्कूटी का उपयोग कर रहे थे, जिसे विभाग ने मौके पर ही जब्त कर लिया है।

​न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

​उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए सभी चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मधनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

​जारी रहेगा अभियान

​विभाग ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से उन दुर्गम इलाकों में भी छापेमारी की जाएगी जहां अवैध चुलाई शराब बनाने की आशंका है।