Bihar News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार का आज 27 अप्रैल को आखिरी दिन है। राज्य में दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। इस चरण में कुल 142 सीटों पर वोटिंग होना है। पिछले चुनाव में इन सीटों में से 123 पर टीएमसी और 18 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

बंगाल में बहुमत से बनेगी BJP की सरकार

बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि, बंगाल के लोगों ने मन बना लिया है। जिस तरह से प्रथम चरण के चुनाव में रिकॉर्ड मतदान हुए लोगों का गुस्सा जो TMC और ममता बनर्जी के खिलाफ था वो बूथ पर नजर आया। बंगाल की जनता TMC से उब चुकी है और प्रधानमंत्री की ओर देख रही है। आने वाले समय में भाजपा पूर्ण बहुमत से वहां सरकार बनाएगी।

टीएमसी के आतंक को समाप्त करेंगे मतदाता- नीरज कुमार

वहीं, जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि, पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। प्रथम फेज के चुनाव में बड़ा टर्नआउट दिखा, जिसमें महिलाओं की बड़ी भागीदारी है। राजनीतिक भौतिक हिंसा TMC द्वारा की गई है। मतदाता उस आतंक राज को समाप्त करेंगे।

वहीं, महिला आरक्षण से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, भाजपा को अभी अधिकार नहीं है क्योंकि वह बंगाल में सत्ताधारी दल नहीं है। भाजपा को यह सवाल पूछने का अधिकार है कि बेटियों को नौकरियों में अभी तक 33% आरक्षण क्यों नहीं दिया गया। पश्चिम बंगाल में चलते औद्योगिक कारखाने किन कारणों से बंद हुए?

पीएम के बंगाल आने से घबरा जाती है ममता- शाहनवाज हुसैन

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री मोदी के पश्चिम बंगाल आने से ही घबरा जाती हैं। उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी को बंगाल के लोग बहुत प्यार करते हैं। अब लोग दीदी की जगह प्रधानमंत्री मोदी को चाहते हैं। पहले जहां दीदी-दीदी होता था, अब वहां मोदी-मोदी हो रहा है। अपने देश के प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार का सामना करने से ममता बनर्जी को कष्ट हो रहा है। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी आने वाले हैं और दीदी जाने वाली हैं।

ये भी पढ़ें- ‘वो BJP के नहीं NDA के मुख्यमंत्री’, CM सम्राट चौधरी पर विजय सिन्हा का बड़ा बयान