Bihar News: दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर की गई हत्या को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इस बीच एनडीए सरकार के साथी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने घटना को लेकर एक ऐसा अजीबो-गरीब बयान दे दिया है, जिसे लेकर सवाल उठने लगे हैं।

दरअसल मीडिया ने जब उनसे इस संबंध में सवाल पूछा तो जीतन राम मांझी ने बेहद ही लापरवाही भरे अंदाज में बयान देते हुए कहा कि, मार दिया तो मार दिया। इसमें कौन बड़ी बात है भाई।

जीतन राम मांझी का बयान

जीतन राम मांझी ने कहा कि, दिल्ली में बिहार का युवक मारा गया है, कोई ऐसी बात होगी तो इसकी जांच की जाएगी। जांच के बाद अगर कोई दोषी होगी तो उस पर आवश्यक कार्रवाई होगी। इसमें कौन बड़ी बात है भाई, मार दिया तो मार दिया। कोई ऐसे ही जानबूझकर कोई किसी को नहीं मार देता है। आपको किसी ने क्यों नहीं मारा। किसी पर कोई शंका होगी। इसकी जांच होगी। अगर सचमुच में किसी निर्दोष को मारा गया है तो मारने वालों को सजा होगी।

‘बिहारी सुनकर गोली मार रही मोदी जी की पुलिस’

मांझी के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनके इस बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया है। तेजस्वी ने कहा कि, उनका (जीतनराम मांझी) बयान घटिया है। इस बयान के लिए उन्हें बिहारियों से माफी मांगनी चाहिए।

तेजस्वी ने कहा कि, यह कौन सा राज है? दिल्ली की यह घटना बहुत ही निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी सत्ता में हैं उनको जवाब देना चाहिए। मोदी जी की पुलिस बिहारी नाम सुनकर ही गोली मार रही है। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार में बिहारी होना ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह हो गया है। मोदी जी चुनाव में गाना गा रहे थे कि सिक्सर में छह गोली छाती में मारेंगे आज उनकी पुलिस बिहारी को गोली मार रही है।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल पूरा मामला बीते रविवार (26 अप्रैल) का बताया जा रहा है, जहां दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में एक पुलिसकर्मी (नीरज बलहारा) पर आरोप है कि उसने जातिसूचक गालियां देने के बाद बिहार के रहने वाले 21 साल के पांडव कुमार पर गोली चला दी। इस घटना में पांडव कुमार की मौत हो गई।

घटना से पहले दोनों युवक एक दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद वे बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी आरोपी पुलिसकर्मी वहां पहुंचा। इस दौरान दोनों युवकों और पुलिस के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।

आरोप है कि बहस के दौरान पुलिस ने यह कहकर गोली चला दी कि ‘तुम बिहारी हो, यहां से चले जाओ’। गोली पांडव के सीने को आर-पार कर निकल गई और पीछे बैठे कृष्ण को जा लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्ण का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस घटना को लेकर बिहार में सियासी माहौल गरमाया हुआ है।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Today: पूरे बिहार में तेज आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी, आसमान से मौत बनकर गिरेगी बिजली