Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में इन दिनों कुछ ऐसा हो रहा है, जो बड़े-बड़े अर्थशास्त्रियों के दिमाग चकरा दे। यहां आस्था का गणित शेयर बाजार के रिटर्न को भी पीछे छोड़ चुका है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले 34 सालों में मंदिर की आय में 520 गुना की भारी बढ़ोतरी हुई है। जहाँ 1991 में सालभर का चढ़ावा महज 65 लाख रुपये था, वहीं 2025-26 के ताजा आंकड़ों ने 337 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सनसनी मचा दी है।
भगवान यहां हैं बिजनेस पार्टनर, मुनाफे में देते हैं हिस्सा
सांवलिया सेठ के दरबार की सबसे निराली बात यहां का बिजनेस मॉडल है। देशभर के बड़े-बड़े व्यापारी जब भी कोई नया काम शुरू करते हैं, तो वे बाबा सांवलिया को अपना लीगल पार्टनर बना लेते हैं। व्यापारी अपने मुनाफे का एक तय हिस्सा (जैसे 2%, 5% या 10%) भगवान के नाम कर देते हैं। जब व्यापार में छप्पर फाड़ कमाई होती है, तो भक्त अपना वादा निभाने खिंचे चले आते हैं। यही वजह है कि जब मंदिर का दानपात्र खुलता है, तो उसमें सिर्फ नोट ही नहीं, बल्कि भारी मात्रा में सोने-चांदी के बिस्किट और हीरे-जवाहरात भी निकलते हैं।
35 देशों की करेंसी और 200 कर्मचारियों की फौज
मंदिर का खजाना खोलना और नोटों की गिनती करना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। हाल ही में जब होली के बाद भंडार खोला गया, तो एक बार में 56 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम निकली। हालत यह है कि नोटों को गिनने के लिए 200 से ज्यादा कर्मचारियों को लगाया जाता है और गिनती 6 से 7 चरणों में पूरी होती है। ताज्जुब की बात तो यह है कि दानपात्र से भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका, लंदन और दुबई समेत करीब 30-35 देशों की विदेशी मुद्रा भी निकल रही है, जो बाबा की वैश्विक ख्याति का सबूत है।
300 करोड़ का मास्टरप्लान
भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि मंदिर में 300 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। श्रद्धालुओं के लिए एक विशाल डोम और वर्ल्ड-क्लास कतार प्रबंधन प्रणाली (Queue Management) तैयार की जा रही है ताकि घंटों लाइन में लगने की झंझट खत्म हो सके। वहीं, सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए अब मंदिर में मोरपंख चढ़ाने और छप्पन भोग लगाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- उत्कल विश्वविद्यालय परिसर से 20 लाख रुपए की ब्राउन शुगर जब्त, एक संदिग्ध गिरफ्तार
- दर्दनाक: जालंधर में कचरे के ढेर में मिला नवजात का शव, शरीर में रेंग रहे थे कीड़े
- हत्या या आत्महत्या? बंद कमरे में मिला युवक-युवती का शव, छानबीन में जुटी पुलिस
- कटनी में साक्षात चमत्कार! गऊ समाधि के पास जमीन से निकले ‘बजरंगबली’, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
- कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026: रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू, 20 जत्थे में एक हजार भक्त करेंगे दर्शन, 19 मई अंतिम तिथि
