SRH vs KKR IPL 2026: आज आईपीएल में डबल हेडर खेला जाएगा, जिसमें दिन के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। पिछले मुकाबले में SRH ने 65 रन से जीत दर्ज की थी।

मौजूदा सीजन में SRH जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रही है। टीम 9 मैचों में से 6 में जीत के बाद 12 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे स्थान पर मौजूद है, जबकि पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में SRH इस मैच को जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेगी।

दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। टीम अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में से सिर्फ 2 ही जीत सकी है और 5 अंक के साथ आठवें स्थान पर है। अगर KKR यह मैच हारती है तो उसके आईपीएल 2026 से बाहर होने की संभावना बन सकती है। ऐसे में उसके लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा रहने वाला है।

बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग इलेवन, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

हैदराबाद में आज का मौसम काफी गर्म रहने वाला है। ऐसी परिस्थितियों में खिलाड़ियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज का मुकाबला पिच नंबर 3 पर खेला जाएगा, जिसका इस्तेमाल इस सीजन में पहले ही राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैचों में किया जा चुका है। हालांकि ये दोनों मुकाबले लाइट्स में खेले गए थे, लेकिन पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने दोनों ही मैच जीते थे। इससे यह संकेत मिलता है कि पिच थोड़ी धीमी हो सकती है, लेकिन IPL के हालिया रिकॉर्ड्स बताते हैं कि हैदराबाद में मीडियम स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता।

राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के IPL रिकॉर्ड्स की बात करें तो यहां अब तक कुल 87 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 38 मैच जीते हैं, जो लगभग 43.68 प्रतिशत है, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 48 मैच अपने नाम किए हैं, यानी 55.17 प्रतिशत। टॉस जीतकर मैच जीतने का प्रतिशत 36.78 है, जबकि टॉस हारकर जीतने वाली टीमों का प्रतिशत 62.07 रहा है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 286/6 और सबसे कम स्कोर 80 रन रहा है। चेज में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 160/3 दर्ज किया गया है। यहां औसतन प्रति विकेट 27.32 रन और प्रति ओवर 8.39 रन बनते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर 164.73 रन रहा है।

SRH बनाम KKR हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें KKR का पलड़ा भारी है। आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमों के बीच कुल 31 मैच खेले गए हैं, जिसमें 20 मैच जीतकर KKR ने बढ़त बनाई हुई है। वहीं SRH को KKR के खिलाफ 11 ही जीत मिली है। पिछले 6 मुकाबलों में KKR ने SRH को 4 बार धूल चटाई है। राजीव गांधी स्टेडियम में दोनों टीमों की 7 मैच खेले गए। इस दौरान SRH को 3 और KKR को 4 मैचों में जीत मिली।

SRH और KKR की संभावित प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा

इम्पैक्ट प्लेयर: साकिब हुसैन

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती

इम्पैक्ट प्लेयर: मथीशा पथिराना

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H