पटना। शहर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व मंत्री जमा खान के आवास के समीप एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
पूर्व मंत्री के आवास के पास मिला शव
पटना के ललित भवन के पीछे, पूर्व मंत्री जमा खान की चहारदीवारी के पास सुबह स्थानीय लोगों ने एक 16-17 वर्षीय लड़की का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में लड़की के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या के बाद शव को यहां फेंके जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।
डॉग स्क्वायड और FSL की गहन जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीमों को बुलाया गया। खोजी कुतिया ‘लिली’ ने घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर तक के दायरे में दो बार सर्च ऑपरेशन चलाया। कुत्ता मुख्य सड़क से होता हुआ एक झाड़ियों वाली गली तक गया, लेकिन अंततः वापस घटनास्थल पर ही लौट आया। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके।
संदिग्ध हालात और पहचान की कोशिश
लड़की के हाथों में मेहंदी लगी है और उसके कपड़ों को देखकर वह किसी अच्छे परिवार की प्रतीत हो रही है। शव कचरे और सूखे फूलों के बीच पड़ा था, जहां कुछ गिफ्ट रैपर भी मिले हैं। लड़की के कपड़ों पर घसीटे जाने के निशान हैं, जो यह संकेत देते हैं कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को यहां ठिकाने लगाया गया।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए IGIMS भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का पता चल पाएगा। फिलहाल मृतका की पहचान के लिए आसपास के इलाकों और थानों में संपर्क किया जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

