रायपुर। आज के डिजिटल दौर में बच्चों को मानसिक तनाव से दूर रखने, उनमें नैतिक मूल्यों का विकास करने और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से भारतीय योग संस्थान द्वारा शहर में निःशुल्क ‘बाल संस्कार योग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मई माह में रायपुर के विभिन्न योग केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

narayana

इसी कड़ी में 6 मई से 10 मई तक गीतांजलि नगर स्थित शिव सांई हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक विशेष शिविर आयोजित होगा। शिविर में बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विविध गतिविधियां शामिल की गई हैं।

आयोजकों के अनुसार, शिविर के दौरान बच्चों को योगाभ्यास और प्राणायाम के माध्यम से एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही नैतिक शिक्षा के अंतर्गत कहानियों और गीतों के जरिए जीवन मूल्यों की सीख दी जाएगी। बच्चों की मानसिक चुस्ती के लिए बौद्धिक खेलों का आयोजन भी किया जाएगा, वहीं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए सही खान-पान और दिनचर्या के बारे में जागरूक किया जाएगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व का बहुमुखी विकास करना है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार और स्वस्थ नागरिक बन सकें। भारतीय योग संस्थान ने शहर के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस शिविर में भेजकर उन्हें योग और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का अवसर दें।

इस आयोजन में भारतीय योग संस्थान, रायपुर के विभिन्न जोन के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों का विशेष योगदान रहा है, जिनमें रिया, सुदेशना, वंदना, गीतांजलि, प्रभा, लता, नीलम, किरण, पिंकी, रेखा, गायत्री, के.आर. साहू, कांति, नीतू और ओम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H