मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘वृहद पौधरोपण अभियान-2026’ (Plantation Campaign-2026) की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इस वर्ष एक दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है. सीएम ने आह्वान किया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हर विद्यार्थी एक पौधा लगाए और हर आंगनबाड़ी केंद्र में न्यूनतम 5 सहजन के पौधे रोपे जाएं. उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख मार्गों और नदियों के किनारों पर वृहद पौधरोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनभागीदारी से प्रदेश ने वृक्षारोपण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अब इसे जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए. विगत वर्षों में वन और वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की वृद्धि दर्ज की गई है और हरित आवरण लगभग 9.96% तक पहुंच चुका है. उन्होंने वर्ष 2030 तक 15% और 2047 तक 20% हरित आवरण का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक, योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना पर बल दिया.
इसे भी पढ़ें : गविष्ठि यात्रा की शुरुआत, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- सत्ता हमें डरा रही, लेकिन परम सत्ता हमारे साथ
बैठक के दौरान वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को ‘शेखा झील पक्षी विहार, अलीगढ़’ के रामसर साइट घोषित किए जाने का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया. सीएम ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की गुणवत्ता, सुरक्षा और जीवितता सुनिश्चित की जाए और आधुनिक तकनीक से सतत मॉनिटरिंग की जाए. ‘हरीतिमा’ ऐप, जीआईएस मैपिंग और क्यूआर कोड आधारित ट्रैकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों से निगरानी को सुदृढ़ किया जा रहा है. उन्होंने सभी विभागों को 30 मई तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं और आमजन की सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

