गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड स्थित अल्ट्रा लग्जरी सोसाइटी द कैमेलियाज में घरेलू सहायिका से मारपीट के आरोप में एक कारोबारी की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। घटना का करीब 90 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला किचन में घरेलू सहायिका के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। वीडियो में वह मेड का मुंह दबाते और बाल खींचते दिख रही है।

यह वीडियो पड़ोसी ने दूसरे फ्लैट से किचन की खिड़की के जरिए रिकॉर्ड किया था। बाद में वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो गया। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद मामले का संज्ञान लिया और सुशांत लोक थाने में केस दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को जमानत पर छोड़ दिया गया।
सिपाही की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुलिस के मुताबिक, मामले में सिपाही रोहित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। घटना 24 जुलाई की बताई जा रही है। आरोप है कि काम को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ने घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की।
पुलिस ने BNS की धारा 115 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद सिपाही रोहित ने शिकायत दी थी।
करीब 100 करोड़ के फ्लैट में हुई घटना
जिस फ्लैट में मारपीट की घटना हुई, उसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
मेड ने घटना के बाद छोड़ी नौकरी
पुलिस के अनुसार, घरेलू सहायिका नेपाल की रहने वाली है और करीब दो साल से आरोपी महिला के घर काम कर रही थी। घटना के बाद उसने 27 जुलाई को नौकरी छोड़ दी और नेपाल लौट गई।
मेड के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसने गुरुग्राम पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी है। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मारपीट का वीडियो हटाने के लिए लिखित अनुरोध भी किया था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


