पटना के फुलवारीशरीफ स्थित करोड़ीचक गांव में चर्चित जमीन कारोबारी गोलू कुमार हत्याकांड के तूल पकड़ने के बाद अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गुरुवार देर रात सीधे मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का पूरा भरोसा दिलाया।
दोस्तों पर घर से बुलाकर हत्या का गंभीर आरोप
मृतक के भाई महेश कुमार ने सांसद को पूरी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि गोलू तीन भाइयों में सबसे छोटा था और छोटे स्तर पर जमीन के कारोबार से जुड़ा था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद साधारण है; बड़े भाई महेश पेंट-पॉलिश का काम करते हैं, मंझले भाई रमेश ट्रैक्टर चलाते हैं और 60 साल के बुजुर्ग पिता परमानंद यादव आज भी मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाते हैं।
महेश ने आरोप लगाया कि गोलू को उसके ही कुछ दोस्तों ने घर से बाहर बुलाया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, परिवार ने शुरुआती तौर पर किसी का नाम स्पष्ट नहीं किया है। परिजनों के अनुसार, घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल फोन भी मिला है, लेकिन वह फोन किसका है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

मृतक गोलू यादव
शराब पार्टी के दौरान मारी गई थी गोली
जांच में सामने आया है कि 17 अगस्त की देर रात घर से महज 500 मीटर की दूरी पर दोस्तों के साथ कथित तौर पर शराब पार्टी चल रही थी, इसी दौरान गोलू को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद भाई महेश कुमार की शिकायत पर फुलवारीशरीफ थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे थाने में प्रगति जानने जाते हैं, तो पुलिस सिर्फ ‘जांच जारी है’ कहकर उन्हें वापस टरका देती है। सांसद के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद अब परिवार को न्याय की उम्मीद ब बंधी है।
जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग के एंगल पर पुलिस की जांच
दूसरी ओर, पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए कई पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही है। जमीन के कारोबार में पैसों के लेनदेन और प्रेम प्रसंग के एंगल को भी मुख्य जांच दायरे में रखा गया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि उन्हें कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

