Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 21 सितंबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…………
सरकार को कोई शर्म-लाज नहीं- तेजस्वी
जमुई में नाबालिग युवती के साथ छेड़खानी और अभद्रता मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बिहार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि, यह बहुत ही दुखद घटना है। हम लोग शर्मिंदा हैं, लेकिन सरकार को कोई शर्म और लाज नहीं रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और सरकार केवल दावे कर रही है। जमीन पर हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है, जो बेहद चिंताजनक है। पढ़ें पूरी खबर………………
तेजस्वी के कलेजे पर लोट रहा सांप- उपेंद्र कुशवाहा
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उसे बयान पर कटाक्ष किया है। जिसमें उन्होंने कहा था कि डबल इंजन की सरकार के डबल इंजन में आग लग गई है। तेजस्वी के इस बयान पर कटाक्ष करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनके कलेजा पर सांप लोट रहा है। बौखलाहट में इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं। यह अलग बात है कि बाकीपुर में एनडीए की भी हार हुई, लेकिन उनके गठबंधन के प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई। जनाधार खिसकने से बौखलाहट में इस तरह के बयान आना सामान्य बात है। पढ़ें पूरी खबर…………………….
जमुई की घटना पर एडीजी का बयान
जमुई की घटना को लेकर पूरे बिहार में आक्रोश का माहौल है। नाबालिग युवती के साथ हुए दुर्व्यवहार और छेड़खानी मामले पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के. एस अनुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि मामले में अब तक तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में दो की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है। एडीजी ने बताया कि जमुई थाने में BNS की धारा 128, 74, 75 और POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO के नेतृत्व में की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर………………
बिहार पंचायत चुनाव को लेकर सीएम का बड़ा बयान
बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा अपडेट दिया है। ग्राम संसद बिहार चैप्टर कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पंचायतों का परिसीमन कराया जा रहा है और परिसीमन पूरा होने के बाद ही पंचायती राज चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि परिसीमन से पहले पंचायत चुनाव की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं होगी। मुख्यमंत्री के इस बयान से पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों के बीच एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। पढ़ें पूरी खबर…………….
जदयू को बड़ा झटका!
बिहार में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नेता रहे नजमुल होदा ने अपनी उम्मीदवारी का ऐलान कर इस चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। मोतिहारी में एक प्रेस को संबोधित करते हुए एमएलसी प्रत्याशी नजमुल होदा ने मीडिया के सामने अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्हें पार्टी का आधिकारिक समर्थन मिले या न मिले, वह हर हाल में सारण निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बगावत भरे तेवर से राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नजमुल होदा के इस फैसले को जदयू के भीतर चल रही खींचतान और असंतोष के रूप में देखा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर……………….
भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से 6 बच्चों की मौत
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में सोमवार की सुबह कर्मा-धर्मा पूजा की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। इस एक ही झटके में पूरे इलाके की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। यह दर्दनाक घटना नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 के अंतर्गत आने वाले विष्णु टोला से सटे तरैटा नारायणपुर दियारा इलाके में घटी है। जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे आगामी कर्मा-धर्मा पूजा के अनुष्ठान से ठीक पहले पारंपरिक स्नान करने के लिए बाढ़ के पानी में उतरे थे। स्नान के दौरान वे अचानक पानी के गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे। पढ़ें पूरी खबर……………….
संदिग्ध परिस्थितियों में नीट छात्रा की मौत
बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में श्याम सिनेमा के समीप स्थित एक किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतका मूल रूप से जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी और पिछले एक साल से गोपालगंज में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ें पूरी खबर…………..
अवधेश नारायण सिंह ने सभापति पद से दिया इस्तीफा
बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के अपने पद से इस्तीफा देने की चर्चा है। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। मिली जानकारी के मुताबिक, अवधेश नारायण सिंह के पद छोड़ने के बाद विधान परिषद के सभापति का पद अब जदयू के खाते में जा सकता है। अवधेश नारायण सिंह बीजेपी के एमएलसी हैं। बताया जा रहा है कि एनडीए के बीच तय फॉर्मूले के तहत सभापति पद जदयू को दिए जाने की तैयारी है। पढ़ें पूरी खबर…………………….



