Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 24 सितंबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……………
जन सुराज ने MLC चुनाव के लिए घोषित किए सभी उम्मीदवार
बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। इस बीच जनसुराज ने आज गुरुवार (24 सितंबर) को अपने तीन उम्मीदवारों का आधिकारिक रूप से ऐलान कर दिया है। जन सुराज ने पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से डॉ भूषण झा को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि इससे पहले जन सुराज ने 20 सितंबर को 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इसी के साथ जन सुराज ने सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। पढ़ें पूरी खबर…………..
तेजस्वी यादव का सीएम सम्राट पर बड़ा हमला
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमुई और समस्तीपुर की घटना का जिक्र करते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। हर रोज सैंकड़ों अपराध हो रहे हैं। कल भी पटना शहर में एक जनप्रतिनिधि को गोली मार दी गई है। तेजस्वी ने कहा कि, अपराधी छवि का व्यक्ति स्वयं मुख्यमंत्री बना हुआ है। बिहार में इतने गंभीर मामले आ रहे हैं। आपका प्रशासन और पुलिस क्या काम कर रही है। बिहार पूरे देश में शर्मसार हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…………..
BPSC पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO) परीक्षा में हुए बड़े पैमाने पर पेपर लीक और धांधली के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को एक और बड़ी सफलता मिली है। EOU की टीम ने इस पूरे रैकेट के सरगना सतीश कुमार यादव को पटना के गर्दनीबाग स्थित शिवपुरी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पहले नेपाल भागा था और इसके बाद असम में छुपकर रह रहा था। पटना लौटते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। पढ़ें पूरी खबर………….
बरगद का पेड़ गिरने से 3 छात्राओं की मौत
बिहार के समस्तीपुर जिले में आज गुरुवार को एक दुखद और बड़ा हादसा हो गया, जहां एक स्कूल में बरगद का विशाल पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर तीन छात्राओं की मौत हो गई। घटना खास टभका दक्षिण पंचायत के वार्ड 9 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकविदौलिया की है। मिली जानकारी के अनुसार मध्याह्नन भोजन करने के बाद तीन छात्राएं स्कूल में मौजूद चापाकल के पास पानी पीने के लिए गई थीं। इस दौरान नल के पास मौजूद बरगद का विशाल पेड़ उन छात्राओं पर गिर गया। 3 छात्राओं की मौत से स्कूल परिसर में जहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं, परिजनों में कोहराम मच गया। पढ़ें पूरी खबर……………………
CPIM ने फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला
एसआईआर को लेकर पूरा विपक्ष चुनाव आयोग पर हमलावर है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगा रहा है। इस बीच आज गुरुवार (24 सितंबर) को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी CPIM की जिला कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला गया। शारदा नगर, बटराहा स्थित पार्टी कार्यालय से निकला मार्च शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए शहीद चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पढ़ें पूरी खबर…………………….
बेगूसराय में मां-बेटी की जहर खाने से मौत
बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के सुग्गा गांव में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक मां ने अपनी 5 साल की मासूम बेटी के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुग्गा गांव निवासी रंजन कुमार राय की पत्नी अनामिका कुमारी (25) और उसकी पुत्री पीहू कुमारी (5) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अनामिका की शादी 13 दिसंबर 2019 को मुंगेर जिले के झौआ बहियार गांव निवासी रामानंद प्रसाद सिंह की पुत्री अनामिका के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। पढ़ें पूरी खबर……………
सोन नदी से बरामद हुआ मानव कंकाल
रोहतास जिले के दरिहट थाना क्षेत्र के भूसऊला गांव के समीप सोन नदी से पुलिस ने एक मानव कंकाल बरामद किया है। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी किनारे एक कंकाल को बहते हुए और किनारे पर अटका हुआ देखा। शव के इस प्रकार मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मानव कंकाल को सुरक्षित बाहर निकाल उसे पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया, ताकि मौत के कारणों और अन्य रहस्यों से पर्दा उठ सके। पढ़ें पूरी खबर…………..
समस्तीपुर में किशोरी के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल
बिहार के समस्तीपुर जिले से जमुई जैसी घटना सामने आई है। दरअसल करपुरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में कुछ युवक किशोरी को घेरते नजर आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी बांध के पास मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने किशोरी के साथ छेड़खानी की और उसके विरोध करने के बावजूद उसका पीछा करते रहे। वीडियो में किशोरी खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया है। पढ़ें पूरी खबर……………


