Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (13 जुलाई 2026) की खबरों में रक्षाबंधन पर CM रेखा गुप्ता लॉन्च करेंगी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’, निजी स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, CM रेखा गुप्ता ने केंद्र से ₹100 करोड़ की मांगी मदद, AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत 5 आरोपी दोषी करार प्रमुख रहा।

रक्षाबंधन पर CM रेखा गुप्ता लॉन्च करेंगी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’
दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली सरकार की बहुप्रतीक्षित महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर अब आधिकारिक तौर पर ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने नए नाम पर अपनी मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही योजना को अगले महीने लॉन्च किए जाने की तैयारी भी तेज हो गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है।

निजी स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया में बड़ा बदलाव
दिल्ली के निजी स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और एकरूप बनाने के उद्देश्य से शिक्षा निदेशालय ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। निदेशालय ने नई मान्यता, मान्यता विस्तार (नवीनीकरण), स्कूल उन्नयन तथा सीनियर सेकेंडरी स्तर पर साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम शुरू करने के लिए संशोधित प्रोफार्मा और चेकलिस्ट लागू कर दिए हैं। इसके साथ ही पुराने सभी प्रोफार्मा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।

CM रेखा गुप्ता ने केंद्र से ₹100 करोड़ की मांगी मदद
दिल्ली की 1,511 अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में रेखा गुप्ता सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने संशोधित प्रधानमंत्री अनधिकृत कॉलोनियों के विकास एवं उत्थान योजना (PM-UDAY) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार से पहले चरण में 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर योजना के लिए वित्तीय सहयोग की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह राशि राजधानी की अनधिकृत कॉलोनियों में संपत्ति के मालिकाना हक की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत 5 आरोपी दोषी करार
दिल्ली के चर्चित अंकित शर्मा हत्याकांड में कड़कड़डूमा कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन समेत पांच आरोपियों को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने ताहिर हुसैन के अलावा कासिम, अनस, नाजिम और जावेद को भी मामले में दोषी माना है। वहीं, अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में 6 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया है। दोषियों की सजा पर सुनवाई अगली निर्धारित तारीख पर होगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली को केंद्र से बड़ी सौगात: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा है कि केंद्र सरकार ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला लिया है। केंद्र की पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) योजना के तहत दिल्ली सरकार की 28 अहम पूंजीगत परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,647 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से दिल्ली में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)
बिना बारिश भी उफान पर यमुना: नई दिल्ली: पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna River) का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार रात 9 बजे पुराने लोहे के पुल के पास यमुना का जलस्तर 203.33 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे है। प्रशासन के अनुसार, यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है। हालांकि जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी पर नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। (पढ़े पूरी खबर)
15 जुलाई से पर्यटकों के लिए बंद रहेगा लाल किला: नई दिल्ली: अगर आप दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला (Red Fort) घूमने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने आदेश जारी कर बताया है कि 15 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक लाल किला आम पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस अवधि में किसी भी पर्यटक को किले में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखते हुए लाल किले में आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई जाती है। इसी क्रम में इस बार भी ASI ने पर्यटकों की एंट्री पर एक महीने के लिए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस कमिश्नर का नया आदेश: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) कमिश्नर सतीश गोलचा (Satish Golcha) ने पुलिस व्यवस्था में सुधार और आपराधिक मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने सभी जिला इकाइयों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मुकदमों की जांच से जुड़े कार्यों को सख्ती से अलग रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने और गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिला जांच इकाइयों (District Investigation Units-DIUs) को और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए पुलिस कमिश्नर ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों के पुलिस उपायुक्तों (DCP) को पायलट परियोजना के तहत प्रत्येक जिले से एक-एक थाना चुनने के निर्देश दिए। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में कूड़े के पहाड़ खत्म करने की कवायद तेज: दिल्ली में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम (MCD) ने बड़ा कदम उठाया है। राजधानी के सभी 12 जोनों से प्रतिदिन निकलने वाले नए कूड़े का समय पर निपटान सुनिश्चित करने के लिए MCD ने 5,900 मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण और निस्तारण का कार्य तेज कर दिया है। MCD ने इस संबंध में 5 अलग-अलग स्थानों पर कचरे के निपटान के लिए वर्क अवार्ड जारी कर दिए हैं। यह जिम्मेदारी अलग-अलग कंपनियों को सौंपी गई है, जो निर्धारित स्थानों पर कचरे के प्रसंस्करण और निस्तारण का कार्य करेंगी। (पढ़े पूरी खबर)
लाल किला ब्लास्ट केस में NIA को राहत: दिल्ली के चर्चित लाल किला ब्लास्ट (Red Fort blast ) मामले में पटियाला हाउस स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। अदालत ने NIA को घटनास्थल से बरामद पीड़ितों और मुख्य आरोपी उमर उन नबी के जैविक अवशेषों biological remains) के निस्तारण की अनुमति दे दी है। विशेष अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि जैविक अवशेषों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया मानव गरिमा बनाए रखते हुए और संबंधित धर्म की परंपराओं एवं रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए की जाए। अदालत ने माना कि मामले से जुड़े जैविक अवशेषों की अब जांच प्रक्रिया में आवश्यकता नहीं है। ऐसे में उन्हें विधि सम्मत तरीके से संरक्षित गरिमा के साथ अंतिम रूप से निस्तारित किया जा सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

