Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (22 जून 2026) की खबरों में दिल्ली में 96 हजार स्ट्रीट लाइट्स होंगी अपग्रेड, पेंडिंग ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए वीकेंड कोर्ट शुरू, दिल्ली पर फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके के आरोपों से बढ़ा विवाद प्रमुख रहा।

दिल्ली में 96 हजार स्ट्रीट लाइट्स होंगी अपग्रेड

राजधानी दिल्ली में स्ट्रीट लाइट (streetlights) व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार ने लगभग 96 हजार स्ट्रीट लाइट्स को अपग्रेड कर उन्हें LED लाइट्स में बदलने की योजना तैयार की है। इस परियोजना पर करीब 473 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लागू की जा रही इस योजना के तहत सरकार ने ‘नो परफॉर्मेंस, नो पेमेंट’ मॉडल अपनाया है। इसके अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर्स को भुगतान तभी किया जाएगा जब लगाए गए लाइट सिस्टम तय मानकों के अनुसार पूरी तरह से काम करेंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

पेंडिंग ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए वीकेंड कोर्ट शुरू

दिल्ली में पेंडिंग ट्रैफिक चालानों (pending traffic challan) के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए अब वीकेंड कोर्ट (Weekend court) की व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके तहत दिल्ली की सभी जिला अदालतों में हर महीने के दूसरे शनिवार और सभी रविवार को विशेष सुनवाई की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत अदालतों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तय किया गया है। 11 जिलों में कुल 22 बेंच गठित की गई हैं, जो पेंडिंग चालानों के मामलों की तेजी से सुनवाई करेंगी और उनका निपटारा करेंगी। प्रत्येक बेंच प्रतिदिन लगभग 700 पेंडिंग चालानों का निपटान करने में सक्षम होगी। इस पहल का उद्देश्य अदालतों में लंबित मामलों का दबाव कम करना और ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों का तेजी से समाधान सुनिश्चित करना है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली पर फिर मंडराया बाढ़ का खतरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून के साथ एक बार फिर बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने पर मजनू का टीला, बेला रोड और आसपास के कई आवासीय इलाकों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। वर्ष 2023 की भीषण बाढ़ के दौरान यमुना का पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया था, जिससे हजारों लोगों का जनजीवन कई दिनों तक प्रभावित रहा। पिछले वर्ष भी कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आई थी।

पढ़े पूरी खबर…

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके के आरोपों से बढ़ा विवाद

जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नेतृत्व में चल रहा शांतिपूर्ण प्रदर्शन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दीपके कर रहे हैं। अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे लोगों के प्रवेश के दौरान दिल्ली पुलिस (Delhi Police) आधार कार्ड की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था उचित नहीं है क्योंकि जंतर-मंतर सार्वजनिक प्रदर्शन स्थल है और वहां आने के लिए आधार कार्ड दिखाने की अनिवार्यता नहीं होनी चाहिए।  प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं और किसी भी तरह की अनावश्यक जांच या रोक-टोक से उनका आंदोलन प्रभावित हो रहा है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

मंडोली जेल में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप: दिल्ली की मंडोली जेल नंबर-13 में बंद कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने जेल के अंदर रंगदारी मांगने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदियों का आरोप है कि उनसे 10 लाख रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर दूसरे कैदियों से उनकी बेरहमी से पिटाई कराई गई। पीड़ित कैदियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपने वकीलों से मिलने तक नहीं दिया गया। मामले को लेकर कुछ अंडरट्रायल कैदियों ने कड़कड़डूमा कोर्ट में लिखित शिकायत दी है। इसके अलावा, कैदियों ने दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, जेल प्रशासन और गृह मंत्रालय को भी शिकायत भेजी है। शिकायत में जेल स्टाफ पर नशीले पदार्थों की बिक्री जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)

होटल में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से रेप का आरोप: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर (social media influencer) से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के बाद आरोपी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर उस पर जबरन धर्मांतरण (religious conversion) का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)

ई दिल्ली-सिकंदराबाद के बीच शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस: नई दिल्ली: देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का स्लीपर वर्जन अब लंबी दूरी के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आने वाला है। भारतीय रेलवे रात के सफर को ज्यादा आरामदायक, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। रेलवे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, देश के 9 प्रमुख रेल मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (Vande Bharat Sleeper Express) शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इनमें से कुछ रूटों पर अगस्त महीने से ट्रेन सेवाएं शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। वंदे भारत स्लीपर को खासतौर पर लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों को बेहतर आराम, आधुनिक सुविधाएं और तेज रफ्तार का अनुभव मिलने की उम्मीद है। (पढ़े पूरी खबर)

केजरीवाल के अयोध्या दौरे के ऐलान पर कपिल मिश्रा का तंज: अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और धार्मिक वस्तुओं की चोरी के दावों के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने घोषणा की है कि वे आगामी शुक्रवार (26 जून) को अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा की थी, जिसमें उन्होंने अयोध्या यात्रा और रामलला के दर्शन का कार्यक्रम बताया। इस बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) ने इस घोषणा पर केजरीवाल पर तंज कसा है और उनके बयान को लेकर सवाल उठाए हैं। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m