झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. एक कुएं से महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद हुए हैं. मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी. परिजनों के अनुसार महिला मानसिक बीमारी से परेशान थी और उसका इलाज चल रहा था.
महिला का पिछले करीब आठ माह से मानसिक बीमारी का इलाज कांके में चल रहा था. घटना घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को हुई.
मृतक महिला के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर के पास एक कुएं पर गई थीं. काफी देर तक तीनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई. पत्नी और बच्चों के घर नहीं लौटने पर मां गुनिया देवी और बहन संतोषी कुमारी ने उनकी तलाश शुरू की. लेकिन दोनों को पत्नी और बच्चा कहीं नहीं दिखा.
इसी खोजबीन के दरम्यान पति जगन्नाथ उरांव ने एक कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा तैरता नजर आया. मन में आशंका होने पर ग्रामीणों को बुलाकर रस्सी और झागर के सहारे कुएं की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया। इसके बाद बारी-बारी से महिला और दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए.

मृतकों की पहचान परदेशनी कुमारी (27 वर्ष), उनका पुत्र अंश उरांव (5 वर्ष) तथा पुत्री आशमानी कुमारी (4 वर्ष) के रूप में हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के एसआई आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में परिवार और ग्रामीणों ने बताया है कि महिला लंबे समय से मानसिक परेशानी से जूझ रही थीं . पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

